बेनज़ीर शिल्पाकृतियों से संवर रहा है उदयपुर एयरपोर्ट

महिला सशक्तिकरण पर हुआ मिक्स मीडिया आर्ट इंस्टालेशन

 | 
airport

उदयपुर, 16 फरवरी। आजादी की 75वीं वर्षगांठ व आजादी का अमृत महोत्सव के तहत डबोक स्थित महाराणा प्रताप हवाई अड्डे पर अनूठी कलाकृतियों को स्थापित किया जा रहा है। बुधवार को इसी श्रृंखला में महिला सशक्तिकरण विषयक एक कलाकृति को स्थापित किया गया है।

हवाई अड्डे के सौंदर्यीकरण के तहत स्थापित इस कलाकृति को मार्बल एसोसिएशन उदयपुर के कलित भंडारी, दिलीप तलेसरा और राजीव खमेसरा के सहयोग से जयपुर के शिल्पकार हंसराज चित्रभूमि द्वारा तैयार किया गया है।

शिल्पकार हंसराज ने बताया कि यह एक मिक्स मीडिया आर्ट है और इसे ‘1947 फर्स्ट स्टेण्ड लिब्रेटेड’ शीर्षक के साथ स्थायी रूप से स्थापित कर दिया गया है। इस कृति में महिलाओं के सशक्तिकरण को देश की स्वतंत्रता के साथ दर्शाया है। इंस्पिरिट आर्ट गैलरी उदयपुर के चित्रकार डॉ. निर्मल यादव ने इस कार्यक्रम को क्यूरेट किया।

team

उल्लेखनीय है कि हवाई अड्डे पर वर्तमान में उदयपुर शहर के कई प्रतिभाशाली कलाकारों जैसे शाहिद परवेज, हेमी द्विवेदी ,कुमुदनी सोनी, यामिनी शर्मा, डिम्पल चँदात, दीपिका माली, अपला राजू (चितोड़), निरुपम टांक (गुजरात), अनुपमा पाटिल (पूणे), धृति महाजन (पूणे), राजनिरल बाबुता (जयपुर) और बांसवाड़ा की तस्लीम जमाल की कृतियों को प्रदर्शित किया गया है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News