बेदला के प्रियदर्शिनी नगर में दिखा लकड़बग्घा

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ लकड़बग्घा

 | 
jharakh lakadbaggha

प्रियदर्शिनी कॉलोनी बेदला नदी के जगंलों से सटी हुई है, सम्भवतया शिकार की तलाश में लकड़बग्घा (जरख) कॉलोनी में घुस आया होगा

उदयपुर 23 अगस्त 2021।  शहर से सटे बेदला गांव के प्रियदर्शिनी नगर कॉलोनी में देर रात लकड़बग्घा (जरख) नजर आया, जिसके बाद कॉलोनी वासियों में भी भय व्याप्त है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे लकड़बग्घा (जरख) बेदला की प्रियदर्शनी नगर में घुस आया। एक बारगी तो कॉलोनी के चौकीदार ने तेंदुए का बच्चा समझकर उसे भगाने की कोशिश की और पीछा किया तो लकड़बग्घा तेजी से जंगलो से होता हुआ बेदला नदी की ओर भाग गया।

स्थानीय निवासी राजेन्द्र सिंघवी ने बताया कि देर रात ओपी महात्मा के घर पास मुख्य गली से होता हुआ लकड़बग्घा (जरख) अंदर आया और काफी देर में इधर-उधर भोजन की तलाश में घूमता रहा। इस दौरान चौकीदार जगदीश ने जरख को देखा। गली में ओपी महात्मा के घर के बाहर सीसीटीवी कैमरों में भी लकड़बग्घे की यह हरकत कैद हुई है। जहां वो पीछे एक गाड़ी के हेडलाइट को देखकर तेजी से आगे जंगलो की तरफ भाग गया

लकड़बग्घा (जरख) की मूवमेंट के दो दिन बाद क्षेत्रवासियो ने बड़गांव उपप्रधान प्रताप सिंह राठौड़ को सूचना दी है। राठौड़ ने वन विभाग के आला अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में बड़ी संख्या में बच्चे घरों के बाहर खेलते हैं, ऐसे में वन विभाग को इसके लिए कड़े कदम उठाकर जरख को पकड़ कर कहीं और छोड़ना चाहिए। 

उल्लेखनीय है की प्रियदर्शिनी कॉलोनी बेदला नदी के जगंलों से सटी हुई है, सम्भवतया शिकार की तलाश में लकड़बग्घा (जरख) कॉलोनी में घुस आया होगा। हालांकि इससे पहले कभी कॉलोनी में कोई वन्य जीव नहीं दिखा। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News