फतहसागर किनारे बन रहा है अस्थायी बीच, होंगे बीच वॉलीबॉल मुकाबले

महाकाल मंदिर के पीछे 600 टन रेत से तैयार हो रहा खास ग्राउंड, तीन दिन में दो कोर्ट बनकर तैयार होंगे

 | 
Temporary beach volleyball court being prepared behind Mahakal Temple at Fateh Sagar Lake, Udaipur.

उदयपुर 19 नवंबर 2025 - शहर की फतहसागर झील किनारे महाकाल मंदिर के पीछे अस्थायी ‘बीच’ बनाने का काम मंगलवार से शुरू हो गया। समुद्र किनारे दिखने वाले बीच की तर्ज पर तैयार किए जा रहे इस ग्राउंड पर बीच वॉलीबॉल के मुकाबले आयोजित होंगे।

यहां सर्फेस ग्राउंड नहीं होगा, बल्कि एक फीट तक बारीक रेत बिछाई जा रही है जिस पर खिलाड़ी खेलेंगे। गुजरात से करीब 600 टन रेत का पहुंचना भी शुरू हो गया है। ग्राउंड की लंबाई-चौड़ाई मापने के बाद रेत बिछाने का काम आगे बढ़ाया जा रहा है। यहां 18x26 फीट के दो ग्राउंड बनाए जा रहे हैं, जो तीन दिन में तैयार हो जाएंगे। दर्शकों के बैठने की व्यवस्था भी की जा रही है ताकि वे आराम से मुकाबले देख सकें।

पूर्व जिला खेल अधिकारी और वॉलीबॉल प्रशिक्षक अजीत कुमार जैन ने बताया कि बीच वॉलीबॉल सामान्य वॉलीबॉल से अलग और ज्यादा दमदार खेल है।

यह समुद्र किनारे बीच पर खेलने वाला गेम है और राजस्थान में इस तरह का बीच तैयार करना फिलहाल सिर्फ उदयपुर में संभव हो सका है। इसलिए खेलो इंडिया ने यह गेम उदयपुर को दिया है।

बीच वॉलीबॉल में खिलाड़ी के पैर बार-बार रेत में धँसते हैं, जिससे ज्यादा ऊर्जा और ताकत लगानी पड़ती है। यही वजह है कि यह खेल काफी चुनौतीपूर्ण और रोमांचक माना जाता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News