सलूंबर मे बिना लेबल के पीपों में खुला घी बेचने पर कार्रवाई
65 किलो दूषित एवं अवधि पार खाद्य सामग्री नष्ट
Udaipur Times News , Food Safety Drive , सलूंबर, 4 नवंबर 2026 । जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य पदार्थों के निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी है।
इसी क्रम में जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी., अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सलूंबर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल ने मेसर्स तेजपाल वर्दी चंद सालगिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान फर्म पर बड़ी मात्रा में दूषित एवं अवधि पार खाद्य सामग्री पाई गई।
इसमें विभिन्न प्रकार के मसाले, टोमेटो केचप, सोया सॉस, पास्ता, तिल का तेल, अचार एवं डोसा मिक्स सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल थी। उक्त सामग्री को जनहित में नियमानुसार डंपिंग यार्ड में नष्ट करवाया गया। अवधि पार खाद्य सामग्री को आमजन को बेचकर खपाने की तैयारी थी। Udaipur News
बिना लेबल के खुले घी एवं काजू के नमूने लिए
निरीक्षण के दौरान विक्रेता बिना लेबल वाले पीपों में खुला घी बेचता हुआ पाया गया। घी में मिलावट की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा दल ने उसका नमूना लिया। इसके अतिरिक्त फर्म से काजू का नमूना भी जांच हेतु लिया गया। Special Drive by Medical and Health Department
निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विक्रेता द्वारा खाद्य अनुज्ञा पत्र उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं किया गया था तथा परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाया गया। अधिकांश खाद्य सामग्री बिना लेबल के बेची जा रही थी।
सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा द्वारा निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत अभिहित अधिकारी के माध्यम से फर्म को सुधार नोटिस जारी किया जाएगा। Salumber News
सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान’ के तहत जिले में निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा एवं सहायक शूरवीर सिंह उपस्थित रहे।