सड़क पर कचरा फेंकने वाले व्यक्तियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ होगी नियमानुसार कार्रवाई
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर महापौर एवं आयुक्त ने ली स्वास्थ्य शाखा की बैठक, निर्माण सामग्री सड़क पर डालने वालों पर लगेगा जुर्माना,
कचरा स्टैंड की नियमित सफाई एवं जनजागरण अभियान चलाने के दिए निर्देश
Udaipur Times News, Nagar Nigam Udiapur , उदयपुर 13 अक्टूबर 2026 । नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने एवं स्वच्छता के स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से महापौर पारस सिंघवी एवं नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्वास्थ्य शाखा की बैठक ली।
बैठक में शहर की वर्तमान सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा सहित सभी सेक्टर प्रभारी एवं जमादार उपस्थित रहे। Udaipur News
बैठक में महापौर पारस सिंघवी एवं आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही शहरवासियों की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई।
महापौर पारस सिंघवी ने निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति सड़क पर कचरा फेंकता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसी प्रकार किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान, दुकान, होटल, रेस्टोरेंट अथवा अन्य संस्थान द्वारा सड़क पर कचरा डालने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाए। Municipal Corporation Udaipur
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना आवश्यक है, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो। सड़क पर निर्माण सामग्री डालने वालों पर लगेगा जुर्माना।
बैठक में निर्माणाधीन भवनों एवं अन्य निर्माण कार्यों से उत्पन्न होने वाली अव्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। महापौर सिंघवी एवं आयुक्त खन्ना ने कहा कि यदि किसी भवन मालिक अथवा निर्माणकर्ता द्वारा सड़क या सार्वजनिक स्थान पर निर्माण सामग्री डालकर रखी जाती है, जिससे यातायात एवं सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाकर कार्रवाई की जाए।
निर्माण सामग्री को सार्वजनिक मार्गों पर फैलाकर रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कचरा स्टैंड की नियमित सफाई सुनिश्चित करें। बैठक में आयुक्त अभिषेक खन्ना ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में स्थापित कचरा स्टैंड पर कचरा लंबे समय तक जमा नहीं रहे। कचरा संग्रहण एवं उठाव की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए तथा निर्धारित स्थानों से नियमित रूप से कचरा उठाया जाए।
संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक, सेक्टर प्रभारी एवं जमादार अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कचरा स्टैंड के आसपास गंदगी नहीं फैले। सफाई कार्यों में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। जनजागरण अभियान के माध्यम से नागरिकों को करेंगे जागरूक। महापौर पारस सिंघवी ने शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। Udiapur Nagar Nigam
अभियान के माध्यम से नागरिकों को सड़क पर कचरा नहीं डालने, अपने आसपास सफाई बनाए रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि उदयपुर झीलों, पर्यटन एवं ऐतिहासिक विरासत के लिए विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। इस पहचान को बनाए रखने के लिए शहर का स्वच्छ एवं सुंदर होना आवश्यक है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं मानें, बल्कि इसे अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करें। नियमति करे निगरानी। आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें, सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाएं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करें। बैठक में स्पष्ट किया गया कि निगम प्रशासन स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए सतत प्रयास करेगा और नागरिकों की भागीदारी से उदयपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।