आदर्श क्रेडिट सोसायटी पीड़ितों का तीन दिवसीय आंदोलन शुरू

आदर्श निवेशकों की आम सभा कल गांधीचौक गुलाब बाग में

 | 
adarsh credit cop investers

गुजरात पुलिस और लिक्विडेटर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव होगा पारित

उदयपुर 4 सितंबर 2021। आदर्श सोसायटी निवेशकों का तीन दिवसीय महाआंदोलन आज जिला न्यायालय परिसर में बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष शर्मा से भेंट करके शुरू किया गया जो 4 से 6 सितम्बर तक चलेगा। कल 5 सितम्बर को प्रातः 9 बजे गुलाब बाग गांधी चौक में निवेशकों की विशाल आम सभा होगी जिसमें लिक्विडेटर एच एस पटेल, गुजरात सरकार एवम गुजरात पुलिस के विरुद्ध आदर्श निवेशकों की आम सभा में निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा। 

6 सितम्बर को प्रातः 10 बजे टाउन हॉल स्थित शहीद स्मारक से काली पट्टियां बांधकर विशाल प्रतिकार रैली निकाली जाएगी तथा जिला कलेक्टरी पर विरोध प्रदर्शन के साथ ही संभागीय आयुक्त के जरिए भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री,सुप्रीम कोर्ट - गुजरात एवम राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तथा मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गुजरात में 26 अगस्त 2021 को निवेशकों के साथ घटे घटनाक्रम के विरोध स्वरूप देश के मुख्य जनप्रतिनिधियों और न्यायाधीशों को न्यायपूर्ण कार्यवाही के लिए नागरिक प्रतिकार रैली निकालकर संभागीय आयुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा।

लेकसिटी प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में आदर्श क्रेडिट को ऑपरेटिव सोसायटी के निवेशकों ने बताया की 26 अगस्त को गुजरात पुलिस और लिक्विडेटर ने मिली भगत करके, अपने हक अधिकार न्याय पाने के लिए निवेशकों द्वारा, बड़ी मेहनत करके पाई पाई इकठ्ठा करके आदर्श कॉपरेटिव में जमा की गई पूंजी, प्राप्त करने के लिए आदर्श कॉपरेटिव के केंद्रीय कार्यालय में लिक्विडेटर एच एस पटेल से मिलने अहमदाबाद गए निर्दोष नागरिकों के साथ बेहद निंदनीय कृत्य करते हुए अपराधियों के समान व्यवहार किया गया तथा वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं तथा निवेशकों को गिरफ्तार करके डराया गया।

निवेशकों ने आरोप लगाया की गुजरात पुलिस और लिक्विडेटर ने देश के विभिन्न राज्यों से आए नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों को तार तार कर दिया और गैर प्रशासनिक आपराधिक आचरण करते हुए बड़ी निर्लज्जता से राजस्थान सहित छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश ,तेलंगाना, गुजरात, उत्तर प्रदेश से आए निवेशकों के साथ दुराचरण किया तथा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए निवेशकों के विरुद्ध आपराधिक कार्यवाही करते हुए वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं व अन्य निवेशकों को गिरफ्तार कर लिया।

निवेशकों ने बताया की वह बेहद शांतिपूर्ण तरीके से लिक्विडेटर ने पुलिस बल बुलवाकर अशोभनीय तरीके से निवेशकों को गिरफ्तार करवाया जिसमें वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं भी थे। जब जोधपुर की महिला ने उसके पति को ले जाने से रोका तो पुरुष जवान ने उसका भी हाथ पकड़कर खींच कर जबरन गाड़ी में डाल दिया जिससे उनका कंधा निकल गया और वह घायल हो गई।  

पीड़ित निवेशकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया की इस अवैध दमन की कार्यवाही का संगठित रूप से प्रतिकार किया जाएगा इस हेतु देश भर में न्याय के लिए संघर्ष कर रही आदर्श कॉपरेटिव की विभिन्न संस्थाओं का राष्ट्रीय फेडरेशन बनाने का निर्णय लिया तथा जन आंदोलन करने की घोषणा की गई।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News