शिक्षक के निलंबन के खिलाफ आदिवासी समाज का विरोध
कलेक्ट्रेट पर भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा और आदिवासी समुदाय का प्रदर्शन, चेतावनी—निलंबन नहीं हटाया तो आंदोलन होगा तेज
उदयपुर 26 नवंबर 2025 - आदिवासी शिक्षक भंवरलाल परमार को निलंबित किए जाने के बाद अब आदिवासी समाज और भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा ने निलंबन को रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उदयपुर कलेक्ट्रेट के बाहर मोर्चा के बैनर तले आंदोलनकारियों ने जमकर विरोध जताया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निलंबन हटाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार डूंगरपुर के चिरोटी ब्लॉक की एक स्कूल में कार्यरत शिक्षक भंवरलाल परमार को स्कूल विरोधी और सामाजिक विरोधी गतिविधियों के आरोप लगाकर निलंबित किया गया था। इसके बाद आदिवासी समाज के युवा लगातार निलंबन रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
बुधवार को उदयपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के समक्ष शिक्षक को जल्द बहाल करने की अपील की। भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के निशांक सिंह डामोर ने कहा कि शिक्षक भंवरलाल लंबे समय से शिक्षण कार्य के साथ इतिहास और आदिवासी संस्कृति पर शोध कार्य भी कर रहे हैं तथा समाज के युवाओं को प्रेरित करने का कार्य करते हैं। ऐसे शिक्षक का निलंबन आदिवासी समाज के हितों के विपरीत है और इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निलंबन वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के प्रतिनिधि, युवा और महिलाएं मौजूद रहीं।
