हादसे के बाद जागा प्रशासन
चार दिन पहले जिस गड्डे के कारण हुआ हादसा उस गड्ढे की मरम्मत कर दी गई है
उदयपुर 29 जनवरी 2026 । 25 जनवरी 2026 रविवार को शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया है। हादसे का मुख्य कारण सड़क के बीचों-बीच बना गहरा गड्ढा बताया गया था, जिसके चलते तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई थी और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार सुबह करीब 7 बजे वीआईपी रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने हुआ था। तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में अचानक कट लिया, जिससे वाहन बेकाबू हो गया। कार ने रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे नाश्ते के ठेले को टक्कर मार दी।
हादसे में ठेले के पास खड़े चार लोग चपेट में आ गए, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतक करीब 20 फीट दूर जा गिरे, वहीं कार करीब 150 फीट दूर जाकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे से बना नाश्ते का ठेला पूरी तरह बिखर गया।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और हादसे की मुख्य वजह सड़क के बीच बना गड्ढा और स्पीड ब्रेकर का नहीं होना बताया।
मामले को मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। अब संबंधित गड्ढे की मरम्मत कर दी गई है। साथ ही सड़क पर कट को रोकने के लिए दोनों तरफ तीन-तीन बैरिकेड्स लगाए गए हैं, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित की जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
बताया गया कि इसी रोड पर घटना स्थल से करीब 500 मीटर दूर आईजी के बंगले के सामने स्पीड कंट्रोल के लिए बैरिकेड्स लगाए गए हैं, लेकिन हादसे वाले स्थान पर लंबे समय से मांग के बावजूद स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए थे।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अगले दिन 22 वर्षीय कृष्णा ओड़, निवासी हरिदास जी मगरी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
