राजसमंद मे ट्रेलिंग डैम के पास हादसे के बाद ग्रामीणों में काम बंद करवाकर शुरू किया धरना-प्रदर्शन

 | 
Rajsamand

 

Udaipur Times, Rajsamand News:  राजसमंद मे डैम विस्तार के कार्यों के बीच स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। पूर्व में कई दुर्घटनाएं होने के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ट्रेलिंग डैम के पास सुनारिया खेड़ा से दरिबा जाने वाले मार्ग पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बताया जा रहा है कि डैम के कार्यों के लिए इस सड़क का उपयोग भारी डंपरों एवं मशीनों की आवाजाही के लिए किया जा रहा है। वहीं, इसी मार्ग से स्थानीय ग्रामीण भी प्रतिदिन आवागमन करते हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि डैम विस्तार के नाम पर उनके पुराने आवागमन मार्ग को बंद कर दिया गया, जिसके बाद से उन्हें भारी वाहनों की आवाजाही वाले असुरक्षित रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। सड़क पर गीली मिट्टी और धूल जमा होने के कारण अचानक चार मोटरसाइकिलें फिसल गईं। इस दौरान कई महिला एवं पुरुष सड़क पर गिर पड़े। हालात इतने खतरनाक थे कि कुछ लोग भारी डंपरों के टायरों के बेहद नजदीक जा गिरे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और लोगों की जान बच गई।

इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर भारी डंपरों के आवागमन वाले मार्ग पर ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए अलग व्यवस्था क्यों नहीं की गई? सड़क पर फिसलन और गीली मिट्टी होने के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही कैसे जारी रही? पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के बाद भी प्रबंधन ने सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए? ये सवाल अब ग्रामीणों के आक्रोश का कारण बन गए हैं।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डैम की गतिविधियों एवं सड़क पर आवागमन रोककर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि उनके लिए तत्काल सुरक्षित सड़क की व्यवस्था की जाए तथा भारी डंपरों और मशीनों के लिए अलग मार्ग बनाया जाए। सड़क पर गीली मिट्टी एवं धूल की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। जब तक सड़क सुरक्षित नहीं होती, तब तक भारी वाहनों का आवागमन रोका जाए। साथ ही पूर्व में हुई दुर्घटनाओं की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या डैम विस्तार और उत्पादन कार्य ग्रामीणों की जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं? यदि भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर उनकी जान को जोखिम में डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब देखना होगा कि सुरक्षा के ठोस इंतजाम कब किए जाते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News