उदयपुर के तितरड़ी सड़क हादसे के बाद साहू समाज ने खोला मोर्चा, कलेक्ट्री पर प्रदर्शन
उचित मुआवजे की मांग, परिवार के सदस्य को संविदा पर नौकरी देने पर प्रशासन की सहमति
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के तितरड़ी में सड़क हादसे में 48 वर्षीय निर्मला साहू की मौत के बाद मंगलवार को साहू समाज ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे और रोजगार की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
तेली साहू समाज पंच महासभा सहित बड़ी संख्या में समाजजन जिला कलेक्टर से मिले और परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग रखी। समाज की ओर से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा पर रोजगार देने की मांग की गई।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि परिवार ने हादसे में अपना सदस्य खोया है, ऐसे में प्रशासन को परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए ठोस सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के सामने अपनी मांगें रखीं। इस दौरान परिवार के एक सदस्य को UDA (उदयपुर विकास प्राधिकरण) में संविदा पर रखने पर प्रशासन की ओर से सहमति जताई गई। हालांकि समाज की ओर से 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग को लेकर भी उचित निर्णय की मांग की गई।
तेली साहू समाज पंच महासभा के अध्यक्ष एडवोकेट हेमंत साहू ने बताया कि समाज की मांग है कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार और समान आधार पर उचित आर्थिक सहायता मिले। उन्होंने हादसे के कारणों को लेकर भी प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी और सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर व्यवस्था की समीक्षा की मांग की।
गौरतलब है कि तितरड़ी-गुप्तेश्वर रोड पर हुए हादसे में तितरड़ी निवासी निर्मला साहू की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों में आक्रोश फैल गया था और भीड़ ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को सुरक्षित हिरासत में लिया था।
समाज पदाधिकारियों ने कहा कि परिवार के एक सदस्य को UDA में संविदा पर रोजगार देने पर बनी सहमति के बाद अब मुआवजे की मांग पर भी जल्द निर्णय की उम्मीद है। यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो समाज की ओर से आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी गई है।