उदयपुर में अग्निवीर भर्ती रैली 1 जुलाई से

प्रदेश भर से साढ़े सात हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

 | 
agniveer recruitment rally

उदयपुर 13 जून 2024। उदयपुर के महाराणा प्रताप खेलगांव में आगामी 1 जुलाई से 10 जुलाई तक प्रस्तावित अग्निवीर सेना भर्ती रैली को सफल बनाने हेतु सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरी ऊर्जा के साथ जुटे हुए है। तैयारियों की समीक्षा हेतु गुरुवार को जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी की अध्यक्षता में महाराणा प्रताप खेल गांव परिसर में बैठक का आयोजन हुआ।

बैठक में टेंट, लाइटिंग,बैरिकेटिंग एवं अन्य सामान्य व्यवस्थाओं की तैयारियों समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में चर्चा करते हुए एडीएम द्विवेदी ने कहा कि यूथ हॉस्टल एवं नेहरू हॉस्टल में ठहरने के आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किये जाए, दौड़ हेतु मैदान एवं ट्रैक हेतु आवश्यक संसाधनों का उपयोग करते हुए समय पर रनिंग ट्रैक तैयार किया जाए, साथ ही लीज लाइन इंटरनेट एवं अन्य आवश्यक तकनीकी संसाधनों की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा रैली स्थल पर ऑन स्पॉट मेडिकल टीम की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो तथा मोबाइल टॉयलेट, पेयजल, ई-मित्र व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के परिजनों के विश्राम हेतु रेन बसेरों की भी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अधिकारियों ने खेलगांव परिसर का भौतिक अवलोकन भी किया तथा व्यवस्थाएं परखते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किये।

भारतीय सेना से उक्त भर्ती रैली के प्रभारी कर्नल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उदयपुर में अग्निवीर भर्ती रैली 1 से 10 जुलाई 2024 तक आयोजित होगी। इसमें लिखित परीक्षा उत्तीर्ण प्रदेश भर के साढ़े सात हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। रैली में उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ सहित प्रदेश के सभी जिलों से लिखित परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग लेंगे। रैली में प्रतिदिन औसतन एक-एक हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। भर्ती प्रक्रिया की शुरूआत दौड़ से होगी। इसमें उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए आगे के टेस्ट सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कर्नल राठौड़ ने रैली में भाग लेने वाले समस्त अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा है कि अभ्यर्थी जूते पहन कर ही ट्रैक पर दौड़ में भाग लेवें।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, सीएमएचओ डॉ शंकर बामनिया, जिला खेल अधिकारी अजित कुमार जैन समेत सेना के प्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।  

ऐसे रहेगा भर्ती रैली का कार्यक्रम

उदयपुर में 1 जुलाई से प्रस्तावित अग्निवीर सेना भर्ती रैली के तहत पहले दिन 1 जुलाई को प्रदेश के सभी जिलों के करीब एक हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे, इसी प्रकार दूसरे दिन 2 जुलाई को भी प्रदेश भर के तकरीबन 1000 अभ्यर्थी चयन हेतु अपना दमखम दिखाएंगे। इसी क्रम में 3 जुलाई को अजमेर एवं पाली, 4 जुलाई को अजमेर, एवं गंगापुर सिटी, 5 जुलाई को ब्यावर, केकड़ी तथा टोंक, 6 जुलाई को करौली शाहपुरा तथा दौसा, 7 जुलाई को भीलवाड़ा, टोंक एवं शाहपुरा, 8 जुलाई को दौसा, झालावाड़ तथा सवाई माधोपुर, 9 जुलाई को बूंदी, चित्तौड़गढ़, कोटा एवं पाली जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। 10 एवं 11 जुलाई को मेडिकल तथा रैली का समापन होगा।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News