अहमदाबाद विमान हादसे की शिकार पायल का अंतिम संस्कार

पायल का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव गोगुन्दा में किया गया

 | 
payal khatik

उदयपुर 19 जून 2025। अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान हादसे में मृत पायल खटीक का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह गोगुंदा पहुंचा। जैसे ही गुजरात से एम्बुलेंस पायल का ताबूत लेकर उसके पैतृक निवास पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और कस्बेवासियों की आंखें भी नम हो उठीं। पूरे कस्बे में शोक की लहर छा गई।

पायल के शव को ताबूत में देखकर परिजनों ने नम आंखों से उसे अंतिम बार नमन किया। इसके बाद शव को अंतिम यात्रा के लिए मोक्षधाम ले जाया गया, जहां पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में परिजनों के साथ कस्बेवासी, रिश्तेदार, कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली व पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।

गौरतलब है कि 12 जून को हुए अहमदाबाद विमान हादसे में पायल की मृत्यु हो गई थी। डीएनए परीक्षण के बाद बुधवार शाम उसका शव परिजनों को सौंपा गया। पायल खटीक मूलतः गोगुंदा की निवासी थी, लेकिन उसके पिता सुरेश खटीक कई वर्षों से हिम्मतनगर में रहकर रिक्शा चलाते हुए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उन्होंने पाई-पाई जोड़कर पायल को अच्छी शिक्षा दिलाई। पायल लंदन में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए रवाना हो रही थी, लेकिन दुर्भाग्यवश विमान हादसे ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया।

पायल की महत्वाकांक्षाएं बड़ी थीं। वह डॉक्टर बनकर समाज और देश की सेवा करना चाहती थी। उसकी असमय मृत्यु ने न केवल उसके परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है। गांव के लोग आज भी विश्वास नहीं कर पा रहे कि पायल अब इस दुनिया में नहीं रही।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News