geetanjali-udaipurtimes

फतेहपुरा सर्किल पर AI ट्रैफिक सिस्टम का परीक्षण शुरू

इसका ट्रायल 16 नवंबर तक किया जाएगा
 | 

उदयपुर 12 नवंबर 2025। शहर के फतहपुरा चौराहे पर अब ट्रैफिक नियंत्रण AI सिस्टम से होगा। यहां रोजाना करीब पांच हजार वाहन गुजरते हैं। इस सर्किल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ट्रैफिक सिग्नल कंट्रोल सिस्टम लगाया गया है। इसका ट्रायल 16 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

AI सिस्टम ट्रैफिक की घनत्व के अनुसार सिग्नल का समय तय करेगा। जिस लेन में ज्यादा ट्रैफिक होगा, वहां ग्रीन सिग्नल अपने आप मिल जाएगा। इससे अन्य लेनों में जाम की स्थिति नहीं बनेगी।

उदयपुर प्रशासन ने 10 अक्टूबर को एक दिन का ट्रायल किया था। उसके बाद इंटरनेट और बिजली की सुविधाओं को दुरुस्त कर 9 नवंबर से औपचारिक ट्रायल शुरू किया गया, जो 16 नवंबर तक चलेगा।

ट्रायल के दौरान सुबह 9 से 11 बजे और शाम 6 से 9 बजे के बीच ट्रैफिक का सबसे ज्यादा दबाव देखा गया है। यही समय ऑफिस से घर लौटने और बाजार जाने का होता है। इस दौरान हर लेन में लंबी कतारें लगती हैं। सबसे ज्यादा वाहन सुखाड़िया सर्किल की दिशा से निकलते हैं, जबकि देवाली और आरके सर्किल से सबसे कम ट्रैफिक गुजरता है।

चारों दिशाओं में लगे AI कैमरे वाहनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ये कैमरे हर दिशा से गुजरने वाले वाहनों की संख्या गिनकर रिकॉर्ड कर रहे हैं। केवल VIP मूवमेंट और आपातकालीन वाहनों (एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड) के लिए मैनुअल ग्रीन सिग्नल दिया जा रहा है। निजी कंपनी की टीम पूरे ट्रायल की निगरानी कर रही है।