उदयपुर की चोखला बारा पंचायत में सरपंच से वार्ड पंच तक सभी निर्विरोध निर्वाचित

 | 
Panchayat

 

उदयपुर। पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिले की 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसी बीच उदयपुर की नवगठित पंचायत समिति ओगणा की ग्राम पंचायत चोखला बारा में सरपंच से लेकर सभी वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। ग्रामीणों ने आपसी सहमति से गांव की सरकार चुनने का फैसला किया।

पंचायत समिति ओगणा के निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार सीताराम खटीक ने बताया कि ग्राम पंचायत चोखला बारा में ग्रामीणों ने मिलकर निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की। सरपंच पद के लिए विरम चंद डूंगरी के नाम पर सर्वसम्मति बनी। इसके साथ ही सात वार्ड पंचों का भी सहमति से निर्वाचन करवाया गया। सभी उम्मीदवारों ने शुक्रवार को अपने नामांकन दाखिल किए।

अनारक्षित सीटों पर दावेदारों की भीड़

जिले की कई ग्राम पंचायतों में नामांकन के दौरान उम्मीदवार समर्थकों के साथ पहुंचे और अपनी ताकत दिखाई। खासकर सरपंच पद की अनारक्षित सीटों पर बड़ी संख्या में दावेदारों ने नामांकन दाखिल किए हैं।

अब नाम वापसी की प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं। नाम वापसी के बाद ही उम्मीदवारों की अंतिम तस्वीर साफ होगी और पता चलेगा कि किन पंचायतों में सीधा मुकाबला होगा तथा कहां कई उम्मीदवार चुनाव मैदान में डटे रहेंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News