उदयपुर 25 जून 2025 । रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट डॉक्टर रवि शर्मा की 19 जून को करंट लगने से हुई मौत का मामला अब भी शांत नहीं हुआ है। इस घटना से नाराज़ रेजिडेंट डॉक्टरों ने बुधवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
भूख हड़ताल पर बैठे रेजिडेंट डॉक्टर तेज प्रताप यादव ने बताया कि उनका मानना है कि डॉक्टर रवि शर्मा की मौत कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण हुई है। एक दिन पहले पद से हटाए गए तीन अधिकारियों और कर्मचारियों को हटाने मात्र से रेजिडेंट डॉक्टर संतुष्ट नहीं हैं। इसी वजह से उनका प्रदर्शन लगातार जारी है और जब तक जिम्मेदार व्यक्तियों को सजा नहीं मिलती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
डॉ. यादव ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं है, बल्कि उनके साथी डॉक्टर रवि शर्मा को न्याय दिलाने के लिए है। उन्होंने कहा कि यदि डॉक्टर स्वयं ही सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे तो जनता की सेवा कैसे कर पाएंगे।
रेजिडेंट डॉक्टरों की इस भूख हड़ताल के चलते अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और प्रशासन के लिए चुनौती बढ़ती जा रही है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal