राजसमंद मे अनीता पालीवाल बनी सभापति, परेश सोनी बने नाथद्वारा नगरपालिका अध्यक्ष
Udaipur Times, Rajsamand News, Nathdwara News: उदयपुर संभाग के राजसमंद जिले की दो प्रमुख नगरीय निकायों में सभापति और अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने अपना परचम लहराया। राजसमंद नगर परिषद में अनीता पालीवाल सभापति और नाथद्वारा नगर पालिका में परेश सोनी अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
राजसमंद नगर परिषद के 45 वार्डों में भाजपा के 27 पार्षद थे। भाजपा को तीन निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिलने के बाद उसके पक्ष में 30 पार्षदों का आंकड़ा पहुंच गया। वहीं कांग्रेस के 14 पार्षदों के साथ एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन बताया गया। बहुमत के साथ भाजपा की अनीता पालीवाल ने सभापति पद की कमान संभाली। रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जीत के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल रहा। Rajsamand Nagar Parishad
वहीं नाथद्वारा नगर पालिका के 40 वार्डों में भाजपा के 20, कांग्रेस के 19 और एक निर्दलीय पार्षद थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के परेश सोनी के पक्ष में 23 वोट पड़े, जबकि बहुमत के लिए 21 वोट जरूरी थे। भाजपा के 20 पार्षदों के साथ तीन अतिरिक्त वोट मिलने से परेश सोनी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। Nathdwara Nagar Palika
नाथद्वारा में भाजपा के पक्ष में आए तीन अतिरिक्त वोटों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। 20-19-1 के गणित में तीन अतिरिक्त वोट कहां से आए, इसे लेकर सियासी गलियारों में अलग-अलग चर्चाएं हैं।
दोनों निकायों के चुनाव परिणाम के बाद राजसमंद और नाथद्वारा में भाजपा ने स्थानीय निकाय की कमान अपने हाथों में ले ली है।