नशाखोरी और अपराध से युवाओं को बचाने की अंजुमन की अपील
अंजुमन की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि वर्तमान स्थिति अत्यंत चिंताजनक है
उदयपुर 30 जनवरी 2026 । समुदाय और युवा पीढ़ी को नशाखोरी, तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से बचाने को लेकर अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर की ओर से एक गंभीर चेतावनी और अपील जारी की गई है। संस्था ने इसे मुस्लिम समाज ही नहीं, बल्कि सभी समाज के भविष्य से जुड़ा अहम विषय बताया है।
अंजुमन की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि वर्तमान स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जो समाज विशेषकर युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही है। नशा, अवैध गतिविधियां, तेज व लापरवाह वाहन चलाना और गैर-कानूनी कृत्य न केवल युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना रहे हैं, बल्कि परिवारों को तबाही, जेल और सामाजिक बदनामी की ओर भी धकेल रहे हैं।
संस्था ने स्पष्ट किया कि इस्लाम की मूल शिक्षाएं अमन, शांति, इंसानियत, नैतिकता, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देती हैं, न कि अराजकता, अपराध और आत्म-विनाश का। अंजुमन ने माता-पिता, अभिभावकों, बुजुर्गों और समाज के जिम्मेदार लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर कड़ी निगरानी रखें, सही मार्गदर्शन दें और उन्हें शिक्षा, कौशल, रोजगार व कानून के दायरे में जीवन जीने के लिए प्रेरित करें।
अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर ने बताया कि यह संस्था वर्ष 1901 में स्थापित एक पंजीकृत और मान्यता प्राप्त सामाजिक संस्था है, जो लंबे समय से इस्लामी तालीम, सामाजिक कल्याण, सामुदायिक सद्भाव और नैतिक-शैक्षणिक उत्थान के लिए कार्य कर रही है। संस्था उच्च स्तरीय शिक्षा, सामाजिक मूल्यों की रक्षा, कानून और व्यवस्था के सम्मान, भारतीय संविधान के पालन और सभी समुदायों के साथ शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांतों पर कार्य करती है।
अपील में यह भी स्पष्ट किया गया कि अंजुमन तालीमुल इस्लाम हर कानूनी, न्यायसंगत और सकारात्मक कार्य में प्रशासन को नैतिक व कानूनी सहयोग देगी, लेकिन किसी भी अवैध, आपराधिक या हिंसक गतिविधि में संलिप्त व्यक्ति का समर्थन नहीं करेगी।
अंत में अंजुमन ने समाज से एकजुट होकर ईमानदारी, गंभीरता और समय रहते कदम उठाने की अपील की, ताकि युवा पीढ़ी को बचाया जा सके, सामाजिक मूल्यों की रक्षा हो और समाज का सम्मान व भविष्य सुरक्षित रह सके।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #AnjumanTalimulIslam #YouthAwareness #SayNoToDrugs #CrimeFreeSociety #CommunityResponsibility #SocialReform #PeaceAndEducation #IndianConstitution #YouthFuture
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
