अंजुमन तालीमुल इस्लाम द्वारा नशे के खिलाफ अभियान

“नशे से आज़ादी” जनजागरूकता अभियान
 | 

उदयपुर 17 फ़रवरी 2026। समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर द्वारा “नशे से आज़ादी-नशा छोड़ो, जीवन मोड़ो” जन जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को शराब, तंबाकू व अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है।

अभियान के अंतर्गत बताया गया कि नशा केवल एक बुरी आदत नहीं बल्कि शारीरिक व मानसिक बीमारी, घरेलू कलह, आर्थिक बर्बादी तथा अपराध का मुख्य कारण बनता है। अंजुमन तालीमुल इस्लाम ने युवाओं से आत्म-संयम अपनाने और “ना” कहने की आदत विकसित करने की अपील की। धार्मिक शिक्षाओं के हवाले से भी स्पष्ट किया गया कि नशा मानव जीवन के लिए हानिकारक और वर्जित है, इसलिए इससे दूर रहना आवश्यक है।

पोस्टर व जनसंदेशों के माध्यम से लोगों को शराब, अफीम, गांजा, चरस, स्मैक व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया। अंजुमन तालीमुल इस्लाम ने अभिभावकों से विशेष रूप से अपील की कि वे अपने बच्चों पर ध्यान दें और उन्हें गलत संगत से बचाएं।

साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि समाज में जो लोग नशे का सेवन कर रहे हैं या नशीले पदार्थों की बिक्री में संलिप्त पाए जाएंगे, उनका कौम द्वारा सामाजिक स्तर पर सामूहिक बहिष्कार किया जाएगा तथा प्रशासन को भी इसकी सूचना दी जाएगी।

सदर मुख्तार कुरेशी ने कहा कि नशा हमारे समाज और नई पीढ़ी के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है, इसलिए हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह इसके खिलाफ खड़ा हो और अपने परिवार व मोहल्ले को नशामुक्त बनाने में सहयोग दे।

सेक्रेट्री मुस्तफा शेख ने बताया कि अंजुमन तालीमुल इस्लाम नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों की हर संभव मदद करेगा और इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9983378600 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क कर मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।

अंजुमन तालीमुल इस्लाम ने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस अभियान को सफल बनाएं