ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर अंजुमन की 1500 पौधे लगाने की मुहिम

इस अभियान के अंतर्गत पौधारोपण के लिए शहर के विभिन्न इलाक़ों को चुना गया है
 | 
eid Miladunnabi

उदयपुर। अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर ने हुज़ूर ﷺ की 1500वीं विलादत की खुशी और बरकत में एक विशेष पौधारोपण अभियान की शुरुआत की है।

संस्था ने घोषणा की है कि इस मुहिम के तहत शहरभर में 1500 पौधे लगाए जाएंगे।

संस्था के अध्यक्ष मुख़्तार अहमद कुरैशी और सचिव एडवोकेट मुस्तफ़ा शेख़ ने बताया कि 30 अगस्त 2025 से जनरल हाउस के सभी सदस्यों को पौधों का वितरण किया जाएगा।

लोग अपनी पसंद के स्थान पर पौधे लगाकर उनकी देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। साथ ही, जो लोग अपने माता-पिता या बुजुर्गों के इसाले सवाब के लिए पौधे लगाना चाहते हैं, उन्हें भी पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

 पौधारोपण के लिए तय स्थान

इस अभियान के अंतर्गत पौधारोपण के लिए शहर के विभिन्न इलाक़ों को चुना गया है, जिनमें शामिल हैं –

  •  मुर्शिद नगर – दारुल उलूम
  •  खांजीपीर – क़ुतबे आलम मस्जिद
  •  चेतक – कब्रिस्तान के पीछे की गली
  •  मुल्ला तलाई – चिश्तिया नई बिल्डिंग
  •  ग़रीब नवाज़ कॉलोनी – रूपनगर
  •  नया खेड़ा – मस्जिद परिसर
  •  धोली मगरी
  •  शाही कब्रिस्तान

कुरआन की तालीमात से प्रेरणा

अंजुमन की ओर से बताया गया कि कुरआन पाक की तालीमात में पेड़ लगाना इंसान ही नहीं बल्कि तमाम मख़लूक़ के लिए रहमत और फ़ायदे का ज़रिया बताया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस मुहिम का आग़ाज़ किया गया है।

शहर की तमाम मसाजिद के इमामों से भी अपील की गई है कि वे जुमे की नमाज़ के मौक़े पर अपनी तक़रीरों में इस नेक अमल का ज़िक्र करें और लोगों को पौधारोपण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की दावत दें।

समाज की भागीदारी

इस नेक पहल के लिए सभी 1500 पौधे आसिफ बेग मिर्ज़ा साहब ने उपलब्ध कराए हैं, जबकि पौधों की ढुलाई और अन्य इंतज़ामात अप्सरा रोडवेज़ के सलीम शेख़ द्वारा किए गए।

अंजुमन के प्रवक्ता राशिद ख़ान ने बताया कि यह मुहिम न सिर्फ धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली नस्लों के लिए एक हरा-भरा माहौल बनाने का पैग़ाम भी देती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News