उदयपुर राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन

कल 17 मार्च को होगा अंतिम संस्कार 
 | 
Shri Ji Arvind Singh Mewar of Udaipur Passes Away

उदयपुर 16 मार्च 2025 । मेवाड़ राजघराने के प्रमुख सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और सिटी पैलेस स्थित शंभू निवास में उनका इलाज चल रहा था।  

अरविंद सिंह मेवाड़ महाराणा प्रताप के वंशज और पूर्व महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ के छोटे बेटे थे। उनके बड़े भाई महेन्द्र सिंह मेवाड़ का भी पिछले साल 10 नवंबर 2024 को निधन हो गया था।  

संपत्तियों के एग्जीक्यूटर बने थे अरविंद सिंह मेवाड़  

पूर्व महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ ने 1963 से 1983 के बीच पूर्व राजपरिवार की कई संपत्तियों को लीज पर दे दिया था। इस फैसले से उनके बड़े बेटे महेन्द्र सिंह मेवाड़ असहमत थे और उन्होंने इसके खिलाफ कोर्ट में केस दायर किया था।  

महेन्द्र सिंह मेवाड़ ने दलील दी थी कि रूल ऑफ प्राइमोजेनीचर (जिसमें राज परिवार की सारी संपत्ति बड़े बेटे को मिलती है) को छोड़कर पैतृक संपत्तियों को सभी में बराबर बांटा जाए। इस पर भगवत सिंह ने कोर्ट में जवाब दिया कि ये अविभाज्य संपत्ति है और इसका बंटवारा नहीं हो सकता। इसके बाद, 15 मई 1984 को भगवत सिंह ने अपनी वसीयत में छोटे बेटे अरविंद सिंह मेवाड़ को संपत्तियों का एग्जीक्यूटर नियुक्त कर दिया।  

कल 17 मार्च को होगा अंतिम संस्कार 

अरविंद सिंह मेवाड़ की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन सोमवार 17 मार्च सुबह 7 बजे से सिटी पैलेस में किए जा सकेंगे। इसके बाद, सुबह 11 बजे उनकी अंतिम यात्रा शंभू पैलेस से प्रारंभ होगी, जो बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार और देहली गेट होते हुए महासतिया पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।  

उदयपुर के राजपरिवार और उनके अनुयायियों के लिए यह एक गहरी क्षति है। उनके निधन पर शहरभर में शोक की लहर है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News