फिर युवाओं के हाथ में एशिया की सबसे बड़ी मार्बल निर्यात मंडी की कमान

 | 
Udaipur marble Processors Samiti

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर की पहचान और एशिया की सबसे बड़ी मार्बल निर्यात मंडी की प्रमुख संस्था प्रमुख उदयपुर मार्बल प्रोसेसर्स समिति की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का गठन निर्विरोध सर्वसम्मति से किया गया।

मार्बल भवन स्थित मुमल कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित वार्षिक साधारण सभा में समिति की पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित हुई। लगातार दूसरी बार युवा उद्योगपति डॉ. हितेष पटेल को अध्यक्ष तथा ऋषि कटारिया को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। Udaipur Marble Processors Samiti

चुनाव अधिकारी एवं उदयपुर चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र कुमार टाया ने निर्वाचन की घोषणा करते हुए बताया कि नई कार्यकारिणी में डॉ. हितेष पटेल अध्यक्ष, ओम प्रकाश अग्रवाल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रमेश जैन उपाध्यक्ष, ऋषि कटारिया महासचिव, विनोद कुमार रांदेर संयुक्त सचिव तथा आशुतोष सिसोदिया कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

वहीं प्रवीण कोठारी, रेवत सिंह राठौड़, रूपलाल जैन, कपिल पोद्दार, पवन जैन एवं विशाल दाधीच कार्यकारिणी सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष कपिल सुराणा सहित पूर्व अध्यक्ष दिलीप तलेसरा, राजेश खमेसरा एवं विजय गोधा ने नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हितेष पटेल का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया।

वार्षिक साधारण सभा में महासचिव ऋषि कटारिया ने वर्ष 2025-26 में समिति द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। Udaipur Marble Processors Samiti

मार्बल पर खुली आयात नीति बंद करवाना प्रमुख लक्ष्य

नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हितेष पटेल ने अपने प्रथम अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि उदयपुर मार्बल मंडी की प्रतिष्ठा को ओर अधिक ऊँचाइयों पर पहुंचाना युवाओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मार्बल को 18 प्रतिशत जीएसटी श्रेणी में रखने के बाद खुली आयात नीति लागू किए जाने से भारतीय मार्बल उद्योग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। समिति इस नीति का पुरजोर विरोध करेगी और इसे बंद करवाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय मार्बल उद्योग को संरक्षण नहीं मिला तो देश की अपनी मार्बल खदानों एवं व्यवसाय पर गंभीर असर पड़ेगा। उदयपुर को पुनः विश्व स्तर पर ‘मार्बल सिटी’ के रूप में पहचान दिलाना समिति का प्रमुख लक्ष्य रहेगा। पर्यटकों, आर्किटेक्ट, बिल्डर्स और ग्राहकों को उदयपुर की मार्बल मंडी से जोड़ने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का संकल्प

डॉ. पटेल ने कहा कि उदयपुर मार्बल मंडी के विकास और विस्तार के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र का विकास अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में बड़ी संख्या में उद्योगपति अपना व्यवसाय राजसमंद, किशनगढ़ एवं दक्षिण भारत की ओर स्थानांतरित कर रहे हैं। इस विस्थापन को रोकना होगा। हजारों करोड़ रुपये का निवेश पहले से इस उद्योग में लगा हुआ है और नई पीढ़ी भी इस व्यवसाय में अपना भविष्य तलाश रही है, लेकिन पर्याप्त भूमि एवं संसाधनों के अभाव में नए उद्योगों के लिए अवसर सीमित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष में समिति मार्बल मंडी में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने, आर्किटेक्ट-बिल्डर एवं ग्राहकों के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करने तथा मार्बल भवन को हाईटेक स्वरूप देने की दिशा में कार्य करेगी। Udaipur Marble Processors Samiti

मजदूरों और पर्यावरण के लिए भी किए महत्वपूर्ण कार्य

समिति महासचिव ऋषि कटारिया ने बताया कि समिति द्वारा पूर्व कार्यकाल में मार्बल उद्योग से जुड़े श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। पहली बार मंडी में कार्यरत करीब 1000 से भी ज्यादा मजदूरों का 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा करवाया गया। पर्यावरण संरक्षण के लिए मार्बल स्लर्री  पार्क, भुवाणा, सुखेर एवं अंबेरी औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया। आगामी वर्ष स्लरी पार्क में 500 नए पौधे लगाने का लक्ष्य भी रखा गया है। मार्बल प्रोसेसिंग से निकलने वाली स्लरी के पुनः उपयोग की दिशा में भी समिति द्वारा प्रयास किए गए हैं। स्लरी को उपयोगी बनाकर निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से बाहर भेजने की व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाएगा।

विश्वभर में है उदयपुर मार्बल की पहचान

उदयपुर मार्बल मंडी दशकों से विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। यूरोप, अमेरिका एवं खाड़ी देशों सहित विभिन्न देशों में उदयपुर का ग्रीन मार्बल निर्यात होता है। देश के संसद भवन, राम मंदिर सहित देश-विदेश की अनेक प्रतिष्ठित इमारतों में उदयपुर में तैयार मार्बल का उपयोग हुआ है। अब समिति का लक्ष्य इस पहचान को और व्यापक बनाते हुए उदयपुर की मार्बल मंडी को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त करना है।

कार्यक्रम में समिति के वरिष्ठ सदस्य मांगीलाल लुणावत, कलित भंडारी, पंकज गंगावत, महेंद्र सुराणा, परमेश्वर अग्रवाल, मुकेश काबरा, प्रवीण कटारिया सहित उदयपुर के प्रमुख मार्बल उद्योगपति उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News