बड़गांव में डॉ अशोक शर्मा के समर्थन में ग्रामीणों का प्रदर्शन
उदयपुर 1 दिसंबर 2025। ज़िले के बड़गांव सेटेलाइट हॉस्पिटल में डॉक्टर अशोक शर्मा को एपीओ किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने शुक्रवार को बड़ा प्रदर्शन किया। ग्रामीण अस्पताल के बाहर जमा होकर आदेश को तुरंत वापस लेने की मांग पर डटे रहे। प्रदर्शन के दौरान कई लोग भावुक हो गए और डॉक्टर शर्मा से हॉस्पिटल छोड़कर न जाने की विनती करते नजर आए।
सूचना मिलते ही बड़गांव एसडीएम लतिका पालीवाल मौके पर पहुंचीं और डॉक्टर से मुलाकात कर उनका पक्ष सुना। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से डॉक्टर के समर्थन में ज्ञापन भी सौंपा गया।
इसी बीच सोशल मीडिया पर किए गए डॉक्टर अशोक शर्मा के पोस्ट भी चर्चा में हैं। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि सरकार दोषी नहीं है, बल्कि कुछ लोगों द्वारा गलत जानकारी दी गई है। उनका कहना है कि स्थानीय प्रभावशाली लोग भेदभाव चाहते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा कोई व्यवहार नहीं किया।

डॉ. शर्मा सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और वे मरीजों से जुड़ी रील इंस्टाग्राम पर साझा करते हैं। उनके 3.10 लाख फॉलोअर्स हैं, जिसके चलते उनकी लोकप्रियता बढ़ी है। माना जा रहा है कि यह सोशल मीडिया गतिविधि और कुछ शिकायतें एपीओ का कारण बनीं। उदयपुर में कुछ पदाधिकारियों द्वारा उनकी शिकायत करने के बाद सीएमएचओ की ओर से एपीओ आदेश जारी होने पर विरोध और बढ़ गया।
शुक्रवार को डॉक्टर अशोक शर्मा का बड़गांव सेटेलाइट हॉस्पिटल में अंतिम दिन था। उन्होंने इलाज का काम नहीं किया और पूरे समय ग्रामीणों के बीच बैठे रहे। बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग उनका समर्थन करने पहुंचे। कई लोग अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक हो उठे और डॉक्टर को बड़गांव से न हटाने की गुहार लगाते दिखाई दिए।
