बाल वाहिनी संघर्ष समिति ने लगाईं प्रशासन से गुहार
उदयपुर 20 नवंबर 2025। नौनिहालों को सुरक्षित घर से विद्यालय तक पहुंचाने का जिम्मा निभाने वाले उदयपुर के बाल वाहिनी संघर्ष समिति से जुड़े वैन और ऑटो चालक पिछले लंबे समय से प्रशासनिक कार्रवाई की मार झेल रहे हैं।
बच्चों की सुरक्षा और अपनी आजीविका दोनों को साधते हुए ये चालक वर्षों से अभिभावकों का भरोसा निभाते आए हैं, परंतु जिला प्रशासन और राजस्थान परिवहन निगम द्वारा नियमों का हवाला देते हुए की जा रही कार्रवाई ने कई परिवारों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा कर दिया है।
नियमों के अनुरूप व्यवस्था न होने से अभिभावक भी परेशान हैं, क्योंकि अनेक स्थानों पर स्कूल बसें पहुंच ही नहीं पातीं और वैकल्पिक साधनों का अभाव बना हुआ है।
इसी पीड़ा को आवाज़ देने के लिए समिति से जुड़े सैकड़ों चालक आज सुखाड़िया सर्कल पर एकत्र हुए और प्रशासन से व्यवहारिक समाधान की मांग रखी। अब देखना यह है कि प्रशासन बच्चों की सुरक्षित आवाजाही और इन मेहनतकश चालकों की आजीविका दोनों के संतुलन हेतु क्या निर्णय लेता है।