Banswara:थोक उर्वरक विक्रेता प्रतिष्ठान का निरीक्षण
News-थोक उर्वरक विक्रेता प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया
बांसवाड़ा। उपखंड अधिकारी सुश्री सोनू कुमारी (आईएएस) एवं संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. दलीप सिंह ने बुधवार को थोक विक्रेता के प्रतिष्ठान शाह ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब तक प्राप्त एवं वितरण किये गये खाद का जायजा लेते हुए विक्रेता को विभागीय दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करने के निर्देश दिए।
News-मंत्री सुमित गोदारा आज बांसवाड़ा आएंगे
बांसवाड़ा। प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग व उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री श्री सुमित गोदारा गुरूवार को बांसवाड़ा आएंगे। अतिरिक्त जिला कलक्टर अभिषेक गोयल ने बताया कि जारी कार्यक्रम के अनुसार मंत्री श्री सुमित गोदारा 21 अगस्त को प्रतापगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सायं 6 बजे बांसवाड़ा पहुंचेंगे तथा जिला कलेक्ट्रंट सभागार में जिले के खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेंगे तथा बाद में शाम 7.15 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लेंगे तत्पश्चात सर्किट हाउस बांसवाड़ा में रात्रि विश्राम और दूसरे दिन 22 अगस्त को प्रातः 9.15 बजे डूंगरपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने मंत्री की यात्रा हेतु जिला रसद अधिकारी-बांसवाड़ा को प्रोटोकॉल/लाईजनिंग अधिकारी नियुक्त किया है।
News-सम्पर्क समाधान की जिला स्तरीय जनसुनवाई आज
बांसवाड़ा। सम्पर्क समाधान की जिला स्तरीय जनसुनवाई गुरूवार को प्रातः 11 बजे से डीओआईटी वीसी केन्द्र में आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर अभिषेक गोयल ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को जिला स्तर पर व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को अपने ब्लॉक के डीओआईटी वीसी केन्द्र में वी.सी. के माध्यम से जनसुनवाई में लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट व सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के विवरण के साथ निर्धारित समय पर आवश्यक रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं।
News-शांति समिति की बैठक आज
बांसवाड़ा। आगामी धार्मिक त्यौहारों के मद्देनजर शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतुु जिला कलक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव की अध्यक्षता में गुरूवार सायं 4 बजे शांति समिति की बैठक आयोजित होगी। यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर अभिषेक गोयल ने दी।
News-राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 22 को
बांसवाड़ा। बच्चों के शारीरिक विकास, हीमोग्लोबिन स्तर, पोषण एवं बौद्धिक विकास के लिए 22 अगस्त को कृमि मुक्ति दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान एक से 19 साल तक के सभी बच्चों, किशोर-किशोरियों को कृमि नाशक दवा खिलाई जाएगी।
पेट में कृमि (केंचुए) से निजात दिलाने वाली यह दवा जिले की सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों में निःशुल्क उपलब्ध होगी। बंचित बच्चों को 29 अगस्त को मॉपअप दिवस आयोजित कर दवा दी जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीएमएचओ ने बताया कि बच्चों के पेट में कृमि होने से संक्रमण एक स्थान से दूसरे स्थान तक फैल सकता है, जिससे शारीरिक व पोषण स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
प्रभारी एडिशनल सीएमएचओ डॉ. भरतराम मीणा ने बताया कि बच्चों के पढ़ाई में मन नहीं लगता या भूख नहीं लगती तो यह कृमि की समस्या हो सकती है। इसलिए दवा दी जानी जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस साल बच्चों को आधी गोली चबाकर खिलाई जाएगी और 2 साल से अधिक आयु के बच्चों को पूरी गोली पिलाई जाएगी। वहीं 1 से 2 साल के बच्चों को आधी गोली चूर कर पानी के साथ दी जाएगी। 19 साल तक के किशोर-किशोरियों को भी पूरी गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। दवा खाली पेट न खानी है। इस दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ राहुल डिंडोर, आरसीएचओ डॉ. दिनेश कुमार भाबोर, जिला कार्यक्रम अधिकारी ललित सिंह झाला, आईईसी सीओ अमित शाह मौजूद रहे।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
