Banswara:खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री की समीक्षा बैठक

बांसवाड़ा ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर 
 | 
banswara

News-खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

बांसवाडा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने खाद्य योजनाओं का पूरा -पूरा लाभ सभी पात्र जनों को पहुँचाने के लिए पूर्ण समन्वय के साथ बेहतर ढंग से दायित्व निभाने का आह्वान किया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने गुरुवार को बांसवाड़ा में विभागीय समीक्षा बैठक में यह आह्वान किया। बैठक में जिला कलक्टर डॉ इन्द्रजीत यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर अभीषेक गोयल, जिला रसद अधिकारी ओमप्रकाश जोतड, सामाजिक कार्यकर्ता पूंजीलाल गायरी, जिला परिषद सदस्य कृष्णा कटारा सहित अधिकारी मौजूद रहे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अधिक से अधिक अपात्र परिवारों को ‘गिव अप’ करवाएं और आधार सीडिंग व ई-केवाईसी का कार्य शीघ्र पूरा करें। बैठक में बताया कि बांसवाडा जिले में 88 हजार 827 व्यक्तियों ने गिव अप अभियान के तहत स्वेच्छा से अपना नाम हटाया व एक लाख 66 हजार 841 नए लाभार्थी बांसवाडा जिले में जुड़े।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पात्र हकदारों को एनएफएसए में स्थान देने हेतु विभाग द्वारा गिव अप अभियान गत वर्ष 1 नवम्बर को शुरू किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सक्षम लोगों को स्वेच्छा से खाद्य सब्सिडी छोडने के लिए प्रेरित करना है ताकि गरीबों व पात्र व्यक्ति को खाद्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।

गोदारा ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से खाद्य सुरक्षा सूची में नई रिक्तियाँ बनने से सूची में जुड़े पात्र परिवारों को न केवल पोषण युक्त अन्न उपलब्ध कराया जा रहा है बल्कि उन्हें 25 लाख रूपये तक का निःशुल्क इलाज, 10 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा एवं 450 रूपये में प्रतिवर्ष 12 घरेलू सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गोदारा ने बताया कि गिव अप अभियान में व्यापक जनभागीदारी को देखते हुए इसकी अवधि 31 अगस्त 2025 तक बढ़ा दी गई है।

मुख्यमंत्री एवं खाद्य मंत्री के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अंतर्गत जुड़े ऐसे परिवार जिनमें कोई सदस्य आयकर दाता हो कोई सदस्य सरकारी, अर्धसरकारी, स्वायत्तशासी संस्था में कर्मचारी हो, एक लाख से अधिक वार्षिक पारिवारिक आय हो एवं किसी सदस्य के पास चार पहिया वाहन हो (ट्रेक्टर आदि जीविकोपार्जन में प्रयुक्त वाहन को छोडकर), निष्कासन सूची में शामिल है। गिव अप अभियान के तहत बांसवाडा जिले में 88 हजार 827 लोगों ने स्वैच्छा से खाद्य सब्सीडी छोड़ कर इस मुहिम में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता पूंजीलाल गायरी एवं जिला परिषद सदस्य कृष्णा कटारा ने काम की तारीफ की।