बांसवाडा - 3 अक्टूबर 2023 की प्रमुख खबरे


बांसवाडा - 3 अक्टूबर 2023 की प्रमुख खबरे

ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े उदयपुर टाइम्स पर

 
banswara

News-नेशनल हाईवे 927 ए पर 90 करोड़ से दो बायपास का निर्माण कार्य शुरू, बांसवाड़ा-डूंगरपुर की दूरी 22 किमी कम होगी

बांसवाडा, 3 अक्टूबर । बांसवाड़ा रतलाम से बांसवाड़ा, गढ़ी-परतापुर, सागवाड़ा, डूंगरपुर, खेरवाड़ा, स्वरूपगंज नेशनल हाईवे 927 ए पर दो बायपास का निर्माण शुरू हो गया है। नेशनल हाईवे खंड कार्यालय बांसवाड़ा-डूंगरपुर-प्रतापगढ़ के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार शाह ने बताया कि बांसवाड़ा जिला मुख्यालय से जिले के सीमा तक माही नदी पर अगरपुरा पुल के बीच गढ़ी-परतापुर बायपास का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है।

जिसकी लंबाई 16 किलोमीटर और चौड़ाई 10 मीटर है। वहीं अगरपुरा माही पुल से आगे भीलूड़ा, जेठाणा के बीच से लेकर गोवाड़ी तक 8 किलोमीटर लंबे और 10 मीटर चौड़े बायपास का निर्माण कार्य डेढ़ वर्ष में करवाया जाएगा। जिससे आने वाले दिनों में बांसवाड़ा से डूंगरपुर, खेरवाड़ा के बीच की लंबाई 22 किलोमीटर कम हो जाएगी। वहीं इन दोनों बायपास से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से वाहनों का आवागमन हो सकेगा।

साथ ही समय और ईंधन की भी बचत होगी। दोनों बायपास निर्माण पर 90 करोड़ की लागत आएगी। वहीं बांसवाड़ा से तलवाड़ा के बीच सुंदनपुर से लेकर कोहाला घाटी तक नए बायपास निर्माण के लिए डीपीआर बनवाने का टेंडर किया हैं।

News-महात्मा गांधी की मूर्ति का अनावरण

गांधीमूर्ति चौराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति का अनावरण हुआ है। इसके साथ ही जिले भर में सर्वधर्म प्रार्थना सभाएं, सद्भावना दौड़ हुई और राष्प्रिटपिता के प्रिय भजनों व रामधुन के साथ गांधी जयंती मनाई गई। जिला स्तरीय कार्यक्रम गांधीमूर्ति चौराहा बांसवाड़ा में किया गया। इस दौरान सिंचाई मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, टीएडी मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया, सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी, कलक्टर प्रकाशचंद्र शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अधिकारी जिला परिषद वर्दी चंद गर्ग, महात्मा गांधी जीवनदर्शन समिति के संयोजक रमेशचंद्र पंड्या, उप संयोजक विकेश मेहता ने प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया।

इसके साथ ही जिला मुख्यालय पर सद्भावना दौड़ आयोजित हुई। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं तथा अन्य लोगों ने भाग लिया, जो गांधीमूर्ति से रवाना कर डायलाब हनुमान मंदिर में सम्पन्न हुई। दौड़ में विजेताओं को स्मार्ट वॉच भेंट की गई और प्रथम महिला व पुरूष को ट्रैक सूट भी दिये। इसी तरह गांधी जयंती पर विद्यालयों, महाविद्यालयों सहित नगरपालिका, पंचायत समिति, ग्राम पंचायत मुख्यालय में सार्वजनिक स्थानों पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा के आयोजन हुए, जहां बापू को नमन किया गया।

एमजी राजकीय विद्यालय में खांदू कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही कक्षा व कक्षाओं का उद्घाटन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर टीएडी मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया, विशिष्ट अतिथि सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी, गांधी जीवन दर्शन समिति के सह संयोजक विकेश मेहता, समाज सेवी तपन मेधावत, पार्षद सेवालाल कलाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शंभुलाल नायक और मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी रेखा रोत ने द्वीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का आयोजन हुआ।

ज़िला कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। उन्हें याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सुबह 11 बजे दोनों दिवंगत आत्माओं के चित्र पर पुष्प अर्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्य मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा कि महात्मा गांधी को हमारे देश की आज़ादी में उच्चतम योगदान की वजह से उन्हें "राष्ट्रपिता या बापू " के रूप में जाना जाता है। ये वो हैं जिन्होंने अहिंसा और लोगों की एकता में विश्वास किया।

जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र पंड्या ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री भी सच्चे गांधीवादी थे जिन्होंने अपना सारा जीवन सादगी से बिताया और उसे गरीबों की सेवा में लगाया। सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि बापू और शास्त्री दोनों जननायक थे । दोनों का भारतीय इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान है। इस दौरान प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान, नटवर तेली, आशीष मेहता, नवाब फौजदार, जाहिद अहमद सिंधी, तपन मेघावत, विकेश मेहता, देवबाला राठौड़, चंदा डामोर, अरविंद डामोर, शेलेंद्र वोरा, सेवालाल कलाल, प्रकाश मईडा, सुरेश कलाल, रजाउद्दीन शेख, सईद परवाना, मुन्ना खान, विक्की सिंघानी, शहनाज हुसैन, भरत यादव, धनेश्वर यादव, मनोज डामोर, पार्थ त्रिवेदी, हरिदेव जोशी राजकीय कन्या महाविद्यालय में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर प्राचार्य डॉ. सरला पंड्या की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ।

मुख्य वक्ता प्रो सर्वजीत दुबे ने कहा कि गांधी और शास्त्री दोनों ने उच्चतर मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में स्थापित किया। जीवन के अंतिम क्षण तक अपने उसूलों के लिए इन दोनों महापुरुषों ने कभी समझौता नहीं किया। प्राचार्य ने दोनों महापुरुषों के जीवन छात्राओं को सीख लेकर अपने व्यक्तित्व को ऊंचा उठाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, शांति, प्रेम और दया जैसे श्रेष्ठ गुणों से कोई भी साधारण व्यक्ति भी असाधारण व्यक्तित्व का धनी बन जाता है। कार्यक्रम को सहायक आचार्य डॉ. विजय कुमार सिंह, ओम प्रकाश सचदेवा, डॉ. रक्षा निनामा, मनोज कुमार, राकेश कुमार, यूजीसी नेक विजिट प्रभारी प्रो. शिप्रा राठौड़ ने संबोधित किया।

News-वाग्धारा संस्था को मिला राज्य स्तरीय गांधी सद्‌भावना सम्मान

महात्मा गांधी की जयंती पर जयपुर के सीतापुर में गांधी सद्भावना पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। इसमें महात्मा गांधी के मार्गदर्शी सिद्धांतों के अनुपालन व अनुशीलन के माध्यम से सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वाग्धारा संस्था को गांधी सद्भावना सम्मान से नवाजा गया।

उद्योग मंत्री शकुंतला रावत, आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंदराम मेघवाल, श्रम राज्यमंत्री ने वाग्धरा संस्था के सचिव जयेश जोशी को शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र देकर व 5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जोशी ने बताया कि वाग्धारा संस्था का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्र के विकास व आदिवासी संस्कृति परंपरा, पुरानी खेती, अपना स्वराज, सच्चा बचपन के आयाम को फिर से स्थापित करना है।

जनजातीय क्षेत्र के एक लाख परिवारों को आत्मनिर्भरता की और प्रेरित कर सच्ची खेती, सच्चा बचपन एवं सच्चे स्वराज को साकार करना ही मुख्य ध्येय है। जोशी ने बताया कि यह सम्मान वाग्धारा के समस्त परिवार का है,  जिनके सहयोग से यह बल मिला।

 

 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal