Banswara Panchayat Election: तीन पीढ़ियों की एक साथ दिखी लोकतांत्रिक भागीदारी

 | 
Banswara Panchayat Election

 

Udaipur Times, Banswara News:  बांसवाड़ा  जिले मे पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत गुरुवार को पंच-सरपंच पदों के लिए हुए मतदान में बड़ोदिया गांव में एक खास तस्वीर देखने को मिली। गांव के दो युवाओं ने पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

खास बात यह रही कि 20 वर्षीय जय शर्मा पुत्र डॉ. कमलेश शर्मा और 19 वर्षीय भुवन शर्मा पुत्र हेमन्त शर्मा ने अकेले मतदान केंद्र पहुंचने के बजाय अपने पूरे परिवार के साथ मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव में भागीदारी निभाई।

जय और भुवन अपने 81 वर्षीय दादाजी लीलाराम शर्मा, जो क्षेत्र के जाने-माने काष्ठ शिल्पकार हैं, दादी शांता देवी, पुलिस मुख्यालय जयपुर में अतिरिक्त निदेशक (प्रचार) डॉ. कमलेश शर्मा, श्रीमती भावना शर्मा और अग्रज संस्कार शर्मा के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया।

परिवार की तीन पीढ़ियों का एक साथ मतदान करना इस अवसर को और भी खास बना गया। जहां परिवार के बुजुर्गों ने अपने लंबे लोकतांत्रिक अनुभव के साथ मतदान किया, वहीं युवा पीढ़ी ने पहली बार वोट डालकर नागरिक जिम्मेदारी की दिशा में अपना पहला कदम बढ़ाया।

पहली बार मतदान करने के बाद जय और भुवन ने कहा कि मतदान करना उनके लिए एक नया और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि अब तक वे परिवार के बुजुर्गों को मतदान करते देखते आए थे, लेकिन इस बार स्वयं मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की प्रक्रिया का हिस्सा बनने का अवसर मिला। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ मतदान केंद्र पहुंचना उनके लिए विशेष खुशी का क्षण रहा। दोनों ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है और युवाओं को इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News