अधिवक्ता हितों में बार एसोसिएशन उदयपुर का जोरदार विरोध प्रदर्शन 2 सितम्बर से पूरे उदयपुर संभाग में होगा प्रदर्शन
अधिवक्ताओं ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न न्यायालय परिसरों में आज भी अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है
Udaipur Times News, District Court Udaipur , Bar Association Udaipur , उदयपुर, 1 सितंबर 2026 । राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित लक्षित प्रकरणों (Targeted Cases) के शीघ्र निस्तारण की कार्य योजना के विरोध तथा अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर 1 सितंबर 2026 को बार एसोसिएशन उदयपुर के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से विरत रहकर अपना विरोध एवं एकजुटता प्रदर्शित की।
बार एसोसिएशन उदयपुर के आह्वान पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता प्रातः 11.00 बजे नीम चौक पर एकत्रित हुए तथा लक्षित प्रकरणों के निस्तारण की कार्य योजना को लेकर अधिवक्ता समुदाय की चिंताओं एवं विरोध को सामने रखा। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालयों में प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के प्रयासों के साथ-साथ न्यायिक प्रक्रिया की गुणवत्ता, अधिवक्ताओं के व्यावहारिक हितों तथा पक्षकारों को प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने के पहलुओं को भी समान रूप से ध्यान में रखा जाना आवश्यक है। Udaipur News
इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने कहा कि Targeted Cases के निस्तारण के नाम पर न्यायिक कार्यप्रणाली पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए तथा प्रकरणों के निस्तारण में अधिवक्ताओं को पर्याप्त अवसर एवं न्यायसंगत कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं और न्यायिक सुधार से जुड़े किसी भी निर्णय में अधिवक्ता समुदाय की व्यावहारिक समस्याओं एवं सुझावों को भी शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही बार एसोसिएशन उदयपुर द्वारा मेवाड़ वागड़ के न्यायालयों में अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मांगों को लेकर किए जा रहे आंदोलन को भी पूर्ण समर्थन एवं एकजुटता प्रदान की गई। Bar Association Udaipur
अधिवक्ताओं ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न न्यायालय परिसरों में आज भी अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
कई स्थानों पर पर्याप्त अधिवक्ता चैंबर, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, कैंटीन, प्रतीक्षालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में न्यायालयों का स्थानांतरण अथवा न्यायालय भवनों से संबंधित निर्णय लेते समय अधिवक्ताओं और पक्षकारों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दिया जाना आवश्यक है। Strike by Bar Associtioon Udaipur
बार एसोसिएशन उदयपुर ने कहा कि न्यायालय केवल न्यायिक कार्यवाही का स्थान नहीं है, बल्कि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता, पक्षकार एवं आमजन न्याय प्राप्त करने के लिए आते हैं। इसलिए न्यायालय परिसरों में पर्याप्त एवं सम्मानजनक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन एवं संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने राजस्थान की विभिन्न बार एसोसिएशनों द्वारा अधिवक्ता हितों से जुड़े मुद्दों पर किए जा रहे विरोध को समर्थन देते हुए कहा कि अधिवक्ता समुदाय की समस्याएं किसी एक जिले या बार एसोसिएशन तक सीमित नहीं हैं। राजस्थान के अनेक न्यायालय परिसरों में मूलभूत सुविधाओं की कमी सहित कई समान समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सभी बार एसोसिएशनों का एकजुट होकर अपनी मांगों को रखना आवश्यक है। Legal News Udaipur
बार एसोसिएशन उदयपुर ने स्पष्ट किया कि अधिवक्ताओं के सम्मान, स्वतंत्र एवं प्रभावी पैरवी के अधिकार तथा न्यायालय परिसरों में आवश्यक सुविधाओं के लिए संगठन निरंतर प्रयास करता रहेगा। प्रदर्शन में अध्यक्ष जितेन्द्र जैन, उपाध्यक्ष महेन्द्र मेनारिया, महासचिव लोकेश गुर्जर, सचिव आशीष कुमार कोठारी, वित्त सचिव धर्मेन्द्र सोनी, एवं पूर्व अध्यक्ष महासचिव वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।