खेत पर काम कर रहे किसान पर भालुओं का हमला

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है
 | 
Bear Attack

उदयपुर 7 मार्च 2026। ज़िले के रोयड़ा क्षेत्र के कड़ेचावास गांव में देर रात खेत पर काम कर रहे एक किसान पर तीन भालुओं ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों ने उदयपुर के ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय प्रेम सिंह राजपूत अपने खेत पर गेहूं की फसल को पानी पिला रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक तीन भालू निकलकर आए और एक साथ उन पर हमला कर दिया। भालुओं के हमले से प्रेम सिंह के मुंह, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।

प्रेम सिंह के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों के शोर मचाने पर तीनों भालू जंगल की ओर भाग गए। ग्रामीणों ने घायल प्रेम सिंह को तुरंत उदयपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने और सतर्क रहने की हिदायत दी है।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #BearAttack #WildlifeConflict #Roayda #Kadechawas #FarmerAttack #UdaipurDistrict #RajasthanWildlife #BreakingNewsUdaipur #RuralNews #ForestDepartment

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News