Bhilwara : नवीन न्यायालय परिसर हेतु 62 बीघा भूमि का भूमि पूजन कल

भीलवाड़ा की खबरें पढ़े Udaipur Times पर 

 | 

भीलवाड़ा, 04 अप्रैल 2026

1.नवीन न्यायालय परिसर हेतु 62 बीघा भूमि का भूमि पूजन कल

मुख्य न्यायाधिपति, उप मुख्यमंत्री व वरिष्ठ न्यायाधीशों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

 जिला मुख्यालय पर जिला न्यायालय के लिए सरकार द्वारा आवंटित 62 बीघा भूमि के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में भूमि पूजन कार्यक्रम एवं जिला अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की वर्ष 2026 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 5 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:15 बजे नव आवंटित भूमि, सांगानेर तस्वारिया में आयोजित किया जाएगा।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम मे माननीय मुख्य न्यायाधिपति संजीव कुमार शर्मा, राजस्थान सरकार की उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी, ⁠न्यायाधिपति डॉ.  पुष्पेंद्र सिंह भाटी, न्यायाधिपति विनीत माथुर, ⁠⁠न्यायाधिपति फरजन्द अली, न्यायाधिपति प्रवीर भटनागर एवं जिला एवं सैशन न्यायाधीश अभय जैन एवं जिले के समस्त न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट व समेत प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे।

सर्वप्रथम नव आवंटित भूमि का भूमि पूजन उनके पश्चात जिला अभिभाषक संस्था भीलवाड़ा की 2026 की नव निर्वाचित कार्यकारिणी अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहर लाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सह सहसचिव आदित्य सिंह चौहान, पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली को अतिथियों द्वारा शपथ दिलाई जाएगी| वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा पंकज पंचोली, राघवेंद्र नाथ व्यास, ओम प्रकाश तेली, वंदना आमेटा, पीरू सिंह गौड़, आनंद शर्मा को मनोनीत सदस्य बनाया गया है।

वर्तमान में जिला एवं सेशन न्यायालय जिस परिसर में संचालित है वह 1948 से है इस न्यायालय के प्रथम जिला एवं सेशन न्यायाधीश हीरा लाल करनपुरिया थे इसके बाद अब तक 51 जिला एवं सैशन न्यायाधीश रह चुके है एवं वर्तमान मे 52 वें जिला एवं सैशन न्यायाधीश अभय जैन है| 

2.पुलिस थाना करेड़ा द्वारा टावर लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को आसाम राज्य से किया गिरफ्तार

भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना पुलिस ने मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को असम से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दीपु बोरगोहन (28) निवासी डिब्रूगढ़, असम को पकड़कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2025 को सिंजाड़ी का बाड़िया निवासी पारसमल गुर्जर से अज्ञात व्यक्ति ने एयरटेल कंपनी का कर्मचारी बनकर संपर्क किया और खेत पर मोबाइल टावर लगाने तथा नौकरी देने का झांसा दिया।

आरोपी ने किराया और वेतन के नाम पर करीब 12 लाख 78 हजार रुपए की ठगी कर ली।

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी की लोकेशन असम में ट्रेस की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने असम के साइबर हॉटस्पॉट क्षेत्रों में दो दिन तक सघन तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय टेंगाखाट थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

#Bhilwara #BhilwaraNews #Rajasthan #RajasthanNews #UdaipurNews

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal