Bhilwara: शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री रहेंगे, 30 अगस्त को ज़िले के दौरे पर

भीलवाड़ा की खबरें  पढ़े Udaipur Times पर 
 | 
Bhilwara News Highlights – Madan Dilawar’s Visit | National Sports Day at Girls College | Gulabpura By-Election Updates – August 2025”

1. शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री रहेंगे शनिवार, 30 अगस्त को भीलवाडा के दौरे पर

 भीलवाड़ा, 29 अगस्त। शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज विभाग मंत्री श्री मदन दिलावर शनिवार 30 अगस्त को प्रातः 9 बजे भीलवाड़ा पहुचेगें। श्री दिलावर शनिवार प्रातः 10 बजे आरसीएम वर्ल्ड ग्रोथ सेंटर स्वरूपगंज में आयोजित सुविचार अभियान संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में भाग लेंगे तथा अपरान्ह 2 बजे नगर निगम के महाराणा प्रताप सभागार (टाउन हॉल) में भीलवाड़ा जिले के प्रधानाचार्यो के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे तत्पश्चात सायं 6 बजे भीलवाडा से कोटा के लिए प्रस्थान करेंगे। 

2.कन्या महाविद्यालय में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आगाज

 भीलवाडा, 29 अगस्त। सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष में खेल विभाग, महिला प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं तीन दिवसीय खेल गतिविधियों का आगाज प्राचार्य प्रोफेसर सावन कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में किया गया।

इस अवसर पर प्रोफेसर जांगिड़ ने मेजर ध्यान चंद के जीवन पर प्रकाश डाला तथा छात्राओं को खेलों का महत्व समझाते हुए उन्हें खेल संबंधी सभी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। खेल प्रभारी श्रीमती सुधा नवल ने तीन दिवसीय खेल गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। शुक्रवार प्रथम दिवस पर योग एवं प्राणायाम सत्र का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सहायक आचार्य प्रणव कुमार व्यास ने संकाय सदस्यों एवं छात्राओं को योग के महत्व के बारे में विशेष जानकारी प्रदान करते हुए योगाभ्यास एवं प्राणायाम करवाया।

इस अवसर पर छात्राओं के लिए ’खेल एवं स्वास्थ्य’ विषयक निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन सुश्री नेहा शर्मा एवं हेमंता मीणा द्वारा किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य दिलीप कुमार शर्मा ने किया। तीन दिवसीय कार्यक्रमों के अंतर्गत शनिवार को छात्राओं के लिए कैरम, शतरंज रस्सा- कसी और दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी रीना सालोदिया, के.के मीणा, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ सीमा गौड़, रंजीता गर्ग, सुखपाल राठोड़, कृष्ण शर्मा, रेखा चावला, प्रियंका गुर्जर, श्रेया राठी, एवं निशा यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 150 छात्राओं ने योग एवं प्राणायाम में उत्साह से भाग लिया।

3. नगर पालिका गुलाबपुरा के वार्ड संख्या 28 के सदस्य निर्वाचन हेतु सूखा दिवस घोषित

 भीलवाड़ा, 29 अगस्त। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार नगर निकाय उप चुनाव माह सितम्बर, 2025 के तहत नगर पालिका गुलाबपुरा के वार्ड संख्या 28 के सदस्य निर्वाचन हेतु मतदान 03 सितम्बर, 2025 को होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार संबंधित निर्वाचन क्षेत्र एवं उसके 05 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में मतदान दिवस से 48 घंटे पूर्व अर्थात् 01 सितम्बर, 2025 को शाम 05.00 बजे से 03 सितम्बर, 2025 को शाम 05.00 बजे तक सूखा दिवस घोषित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा पुनः मतदान की स्थिति में पुनः मतदान के दिन भी इसी प्रकार लागू रहेगा। 

4.नगर पालिका गुलाबपुरा के वार्ड संख्या 28 के सदस्य पद के निर्वाचन के लिए मतदान के दिन संवेतनिक अवकाश मंजूरी के निर्देश

भीलवाड़ा 29, अगस्त। श्रम आयुक्त, राजस्थान जयपुर द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135 (ख) के अनुसार मतदान के दिन किसी कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य स्थापन में नियोजित प्रत्येक व्यक्ति को, जो लोकसभा/विधानसभा के लिए निर्वाचन में मतदान करने का हकदार है, को मतदान के दिन संवेतनिक अवकाश मंजूर किया जायेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधू द्वारा जारी आदेशानुसार लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135 (ख) के प्रावधान राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 28 के अनुसार नगरीय निकायों के चुनावों के सम्बन्ध में भी लागू होते है।

अतः किसी कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य स्थापन में नियोजित प्रत्येक व्यक्ति को, जो नगर पालिका गुलाबपुरा के वार्ड संख्या 28 के सदस्य पद के निर्वाचन के लिए मतदान करने का हकदार है, को मतदान दिवस को सवेतनिक अवकाश मंजूर किया जाये। अवकाश मंजूर किये जाने के कारण किसी ऐसे व्यक्ति की मजदूरी से कोई कटौती या उसमें कोई कमी नहीं की जाएगी।

यदि कोई नियोजक उक्त निर्देशों का उल्लंघन करेगा, तो ऐसा नियोजन जुर्माने से, जो 500 रूपये तक का हो सकेगा, दण्डनीय होगा। इन निर्देशो की पालना के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित विभाग अधिकारियों को आदेशित किया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News