भीलवाड़ा: राज्यपाल ने संगम दीक्षांत समारोह में शिरकत की
समारोह में 30 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक व 31 शोधार्थियों को उपाधियां की प्रदान
भीलवाड़ा 20 फरवरी 2026। वर्तमान समय में बौद्धिक क्षमता व गुणवत्ता युक्त शिक्षा की अहम भूमिका है। इससे मानवीय व्यवहार व आचरण को बेहतर बनाने में अमूल्य साबित होगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के केंद्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में उत्कृष्टता के मानक स्थापित करें। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े शुक्रवार को भीलवाड़ा स्थित संगम विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
समारोह में 30 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक व 31 शोधार्थियों को उपाधियां की प्रदान
राज्यपाल बागड़े ने समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के 30 स्नातक, स्नातकोत्तर व डिप्लोमा के विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं 31 शोधार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की। इस अवसर पर राज्यपाल बागड़े ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह शैक्षणिक उपलब्धि का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो विद्यार्थियों को जीवन के नए अध्याय में प्रवेश का अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर शैक्षणिक शोभायात्रा निकाली गई साथ ही शुभारम्भ के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन व राष्ट्रगान का गायन हुआ। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा राज्यपाल श्री बागड़े को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुलसचिव आलोक कुमार ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
दीक्षांत समारोह में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, IIM इंदौर के प्रोफेसर पीके सिंह, विश्वविद्यालय के कुलगुरु करुणेश सक्सेना, चेयरमैन रामपाल सोनी, कुलसचिव आलोक कुमार, बोर्ड सदस्यगण, प्राध्यापकगण, अभिभावक एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इससे पूर्व जिला पुलिस लाईन स्थित हेलीपैड पहुंचने पर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू व पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियो ने बुके देकर व उपरणा ओढ़ाकर राज्यपाल बागडे का स्वागत अभिनंदन किया।
