Bhilwara:लग्जरी बस से अवैध शराब की तस्करी का पर्दाफाश
भीलवाड़ा ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर
News-लग्जरी बस से अवैध शराब की तस्करी का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना कारोई ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक लग्जरी बस से अलग-अलग ब्राण्ड की कुल 108 बोतल भारत निर्मित विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 32 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त की गई लग्जरी सवारी बस की कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बस का चालक सुंदर धानका, कंडक्टर अविनाश कस्वा और विनोद रेबारी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहाड़ा रोशन पटेल और गंगापुर वृत्ताधिकारी हरजीराम चौधरी के सुपरविजन में, थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह राठौड़ मय टीम ने यह कार्रवाई की।
घटना 15 जुलाई 2025 की है, जब कारोई थाना पुलिस टीम उप तहसील कारोई के सामने नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक लग्जरी Zing Travels की बस (नंबर यूके 07 पीए 5803) को रोककर तलाशी ली गई। बस की डिग्गी में रखे गए तीन बड़े ट्रॉली बैग को जब चेक किया गया, तो उनमें कुल 9 कार्टनों में पैक अलग-अलग ब्राण्ड की कुल 108 बोतलें विदेशी शराब बरामद हुईं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रकरण संख्या 80/2025 में राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
News-आमजन की समस्याओ का त्वरित रूप से समाधान करने हेतु जिला कलेक्टर की नवीन पहल
भीलवाड़ा, 15 जुलाई । राज्य सरकार के निर्देशानुसार माह के पहले,दूसरे एवं तीसरे गुरुवार को ब्लॉक, उपखंड व जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसी के तहत माह के तीसरे गुरुवार, 17 जुलाई को जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन प्रातः 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट के वी.सी. कक्ष (सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग) में किया जाएगा ।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जसमीत सिंह संधू ने इसी संदर्भ में आमजन के लंबे समय से लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु जिले के समस्त विभागों के अधिकारियों के लिए दिशा निर्देश जारी किए है |
जिला कलक्टर ने जिले के प्रत्येक विभाग के अधिकारियों को आदेशित किया है कि जिला स्तरीय जनसुनवाई से एक दिवस पूर्व समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण गहनता से संज्ञान लेते हुए स्वयं के कार्यालयों में बुधवार को प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे के मध्य संबंधित लंबित प्रकरणों व परिवादो का निस्तारण अपने स्तर पर जन सुनवाई का आयोजन करके करेंगे जिससे आमजन को शीघ्रता से उनकी समस्याओं का समाधान मिल सके |
जिला कलेक्टर ने बताया कि बुधवार, 16 जुलाई को जिले के कोई भी आमजन स्वयं की परिवेदना व समस्याओं को प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे बजे तक संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर जनसुनवाई के दौरान रख सकते हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी द्वारा परिवेदनाओ का त्वरित व प्रभावी रूप से निस्तारण किया जाएगा।
