Bhilwara: विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र अंतर्गत जिला स्तरीय समिति (डीआरएम) की बैठक 21 जुलाई को
भीलवाड़ा की खबरें पढ़े Udaipur Times पर
Udaipur Times News, भीलवाड़ा, 17 जूलाई 2026
1.विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र अंतर्गत जिला स्तरीय समिति (डीआरएम) की बैठक 21 जुलाई को
विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र अंतर्गत जिला स्तरीय समिति (डीआरएम) की बैठक जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में 21 जुलाई कोे सांय 04.00 बजे कार्यालय जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबन्धक श्री कमलेश कुमार मीणा ने दी।
2: राष्ट्रीय वयोश्री (RVY)योजना के तहत 20 से 25 जुलाई तक चिन्हीकरण शिविर आयोजित होंगे
माननीय सांसद लोकसभा क्षेत्र भीलवाड़ा श्री दामोदर अग्रवाल की अभिशंषा एवं जिला कलक्टर के निर्देशानुसार जिले में राष्ट्रीय वयोश्री (RVY) योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के चिन्हीकरण हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 20 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक प्रातः 10ः00 बजे से सायं 6ः00 बजे तक नगर निगम भीलवाड़ा, नगर पालिका हमीरगढ़ तथा पंचायत समिति कोटड़ी, माण्डल, बनेड़ा एवं सुवाणा क्षेत्र में आयोजित किए जाएंगे। CollegeAdmission
जिला प्रशासन एवं एलिम्को की टीम द्वारा आयोजित इन शिविरों में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हीकरण किया जाएगा। चिन्हित लाभार्थियों को आगामी चरण में आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण जैसे श्रवण यंत्र (कान की मशीन), गर्दन का पट्टा, कमर बेल्ट, घुटना सपोर्ट, छड़ी, वीप सिर छड़ी, वॉकर, स्टूल विद कमोड, व्हीलचेयर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरण किया जायेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राम अवतार जाट ने बताया कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों से निर्धारित तिथि पर संबंधित शिविर स्थल पर आधार कार्ड तथा आय प्रमाण पत्र अथवा पेंशन भुगतान आदेश साथ लेकर उपस्थित होने का आग्रह किया गया है, ताकि उनका चिन्हीकरण कर योजना का लाभ मिल सके।
3.स्नातक प्रथम सेमेस्टर की रिक्त सीटों पर प्रवेश का एक और अवसर, 30 जुलाई तक होंगे ऑफलाइन प्रवेश
आयुक्तालय, कॉलेज शिक्षा, राजस्थान, जयपुर के नवीनतम निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित रही छात्राओं को अब रिक्त सीटों पर प्रवेश का एक और अवसर प्रदान किया गया है।
जिन राजकीय महाविद्यालयों में विभिन्न पाठ्यक्रमों की सीटें रिक्त हैं, वहां कॉमन एडमिशन फॉर्म के माध्यम से 17 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इससे वे छात्राएं भी लाभान्वित हो सकेंगी जो किसी कारणवश ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकी थीं।
एसएमएम राजकीय कन्या महाविद्यालय में उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार बी.ए. में 80, बी.कॉम. में 429, बी.एससी. गणित में 57, बी.एससी. जीव विज्ञान में 28 तथा बी.एससी. गृह विज्ञान में 55 सीटें उपलब्ध हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इच्छुक छात्राएं ई-मित्र से कॉमन एडमिशन फॉर्म (CAF) की हार्ड कॉपी प्राप्त कर उसके साथ 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिका, मूल स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी), चरित्र प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर सीधे महाविद्यालय में उपस्थित होकर आवेदन कर सकती हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र आवश्यक दस्तावेजों सहित महाविद्यालय में उपस्थित होकर रिक्त सीटों पर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें। इसी प्रकार राजकीय महाविद्यालय, हमीरगढ़ तथा कैलाश त्रिवेदी राजकीय कन्या महाविद्यालय, गंगापुर, भीलवाड़ा में भी कला संकाय की रिक्त सीटों पर ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया जारी है। BhilwaraNews
4.भारतीय वायु सेना में अग्निवीरवायु भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित* *26 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे आवेदन
भारतीय वायु सेना द्वारा अग्निवीरवायु भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। निर्धारित पात्रता रखने वाले अविवाहित पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी भारतीय वायु सेना की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट www.iafrecruitment.edcil.co.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
निर्धारित पात्रता के अनुसार ऐसे अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे जिनका जन्म 1 जुलाई 2005 से 1 जनवरी 2010 (दोनों तिथियाँ सम्मिलित) के बीच हुआ हो।
शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत विज्ञान वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 10+2 (बारहवीं) परीक्षा गणित, भौतिकी एवं अंग्रेजी विषयों के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही अंग्रेजी विषय में भी न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
कला एवं वाणिज्य वर्ग के अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र हैं, बशर्ते उन्होंने 10+2 परीक्षा न्यूनतम 50 प्रतिशत कुल अंकों के साथ उत्तीर्ण की हो तथा अंग्रेजी विषय में भी कम से कम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। इसके अतिरिक्त, निर्धारित पात्रता के अनुसार तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा अथवा दो वर्षीय व्यावसायिक (वोकेशनल) पाठ्यक्रम उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण कर लें।
5.केंद्रीय दल ने वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत विकास कार्यों की संभावनाओं की समीक्षा की*
ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
जनहित एवं विकासोन्मुखी कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाये- अतिरिक्त महानिदेशक ग्रामीण विकास विभाग
विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी रामजी) योजना के अंतर्गत भारत सरकार के केंद्रीय दल के जिले के दौरे के दौरान शुक्रवार को ग्रामीण विकास विभाग भारत सरकार के अतिरिक्त महानिदेशक एमके उज्जैनिया की अध्यक्षता में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन तथा डिजास्टर मैनेजमेंट से संबंधित संभावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जिले के सभी 14 विकास खंडों में विभिन्न विभागों के कुल 831 विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। GovernmentNews
उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में भीलवाड़ा प्रदेश में तीसरे स्थान पर है तथा वर्तमान में 55 हजार से अधिक श्रमिक विभिन्न विकास कार्यों में नियोजित हैं। अतिरिक्त महानिदेशक श्री उज्जैनिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कृषि, सड़क, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, वन विभाग, शिक्षा तथा खेल विभाग से संबंधित संभावित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। RuralDevelopment
उन्होंने जिले में विकसित किए गए मॉडल तालाब एवं कैटल शेड की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं विकासोन्मुखी कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से आगामी कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि बीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत जिले का कोई भी गांव विकास कार्यों से वंचित न रहे तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता वाले कार्यों का चयन कर समयबद्ध रूप से क्रियान्वित किया जाए। बैठक में केंद्रीय दल के सदस्य डिप्टी सेक्रेटरी श्री प्रभात कुमार, अंडर सेक्रेटरी श्री घनश्याम मीणा व जिला परिषद के एसीईओ श्री मधुसूदन रत्नू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा योजना के प्रभावी संचालन एवं ग्रामीण विकास को गति देने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए गए।
#Bhilwara #Rajasthan #BhilwaraNews #GovernmentNews #Agniveervayu #IndianAirForce #CollegeAdmission #NationalVayoshri #SeniorCitizens #RuralDevelopment #MGNREGA #EducationNews #Jobs2026 #RajasthanNews #GovernmentSchemes
