Bhilwara News: विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी
भीलवाड़ा की खबरें पढ़े Udaipur Times पर
Udaipur TImes News, Bhilwara News, 10 जून 2026
1.विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी
अ.वि.वि.नि.नि.लि. के सहायक अभियंता राम मिलन यादव ने बताया कि पंचवटी, छोटी हरनी, बड़ी हरनी, ओडो का खेड़ा, हरनी महादेव, काईन हाउस, मुख्यमंत्री जन आवास योजना, जमुना विहार, कुमुद विहार-1,2,3, तेरापंथ नगर, आदित्य विहार, मंगरॉप रोड, समेलिया फाटक, पाम रिसोर्ट, होटल ग्लोरिया इन, समता रिसोर्ट, होटल श्रीलोक, टेकरी के बालाजी के आस पास से सम्बंधित क्षेत्र में 11 जून को सुबह 07 बजे से 11 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।
2.पी.टी.ई.टी. परीक्षा 2026 14 जून को
जिले के 4 परीक्षा केन्द्रों पर 2064 अभ्यर्थी होंगे सम्मिलित* भीलवाड़ा, 10 जून। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा की ओर से भीलवाड़ा सहित पूरे प्रदेश में 14 जून 2026 को पी.टी.ई.टी. परीक्षा 2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा को लेकर समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के जिला समन्वयक डॉ. सावन कुमार जांगिड़ ने बताया कि परीक्षा भीलवाड़ा के 4 परीक्षा केन्द्रों पर एक पारी में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 2064 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा में अनुचित साधनों की रोकथाम तथा डमी अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने से रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। निगरानी के लिए परीक्षा केन्द्रों पर कैमरे लगवाए गए हैं, जिनकी लाइव स्ट्रीमिंग कमांड सेंटर, कोटा में की जा रही है। अभ्यर्थियों को परीक्षा में प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र तथा नीला/काला पारदर्शी बॉल पेन लाना अनिवार्य है। इनके अभाव में परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश वर्जित रहेगा। Bhilwara News
3. 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" तहत नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
"12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" कार्यक्रमों के तहत जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम नगर निगम टाउन हॉल में आयोजित किया गया। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री अशोक कोठारी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रमुख धुरी है।
महिलाओं का सशक्तिकरण समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ प्रत्येक महिला तक पहुंचना आवश्यक है। Udaipur Times News
राजकुमारी खोरवाल, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं एवं बच्चों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रहा है। विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनबाड़ी सेवाएं, पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा, टीकाकरण, रेफरल सेवाएं, स्वास्थ्य जांच आदि कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन विषयों पर चर्चा करते हुए महिलाओं को जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया गया। Udaipur News
तोलम्बिया ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, उद्यम प्रोत्साहन योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र, महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र आदि योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार से पीड़ित महिलाओं को राहत एवं परामर्श उपलब्ध कराने के लिए जिले में केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत लाभार्थी श्रीमती हंसा धोबी एवं कृष्णा बंजारा को पांच-पांच हजार रुपये की राशि के चेक प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत कौशल्या माहेश्वरी को ढाई लाख रुपये का ऋण अनुदान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि श्रीमती आरती कोगटा, महिला अधिकारिता विभाग से प्रशासनिक अधिकारी श्री सत्यनारायण भांबी, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र की टीम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री अशोक चन्नाल (प्रशासनिक अधिकारी), सज्जन सिंह भाटी, रोशन कुमार जीनगर, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं राजीविका से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त श्रीमती माया जी, श्री सुनील जागेटिया एवं श्री संजय राठी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
4.कस्तूरी कपास, डीबीटी एवं उद्यानिकी योजनाओं की समीक्षा बैठक आत्मा सभागार में आयोजित*
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में जिला कृषि विकास समिति, जिला उद्यानिकी विकास समिति,जिला तिलहन विकास समिति,आत्मा शासी परिषद तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक आत्मा सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में खरीफ सीजन की तैयारियों, कस्तूरी कपास विस्तार कार्यक्रम, उर्वरक उपलब्धता, डीबीटी, फसल बीमा एवं उद्यानिकी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के प्रारम्भ में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक विनोद कुमार जैन ने पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
जिला कलेक्टर ने कस्तूरी कपास के विस्तार हेतु तैयार कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिकाधिक किसानों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को पर्याप्त भंडारण एवं समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध हो तथा कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। डीबीटी योजना की समीक्षा करते हुए श्री संधू ने आवंटित लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध रूप से पहुंचना चाहिए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलम्ब नहीं होना चाहिए। Bhilwara News
फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित बीमित किसानों को नियमानुसार लाभ दिलाने तथा योजना में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों के हित सर्वोपरि हैं और उन्हें राहत राशि का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा अधिकाधिक किसानों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने पर बल दिया।
#BhilwaraNews #RajasthanNews #UdaipurTimes #BreakingNews #LocalNews #DistrictNews #PTET2026 #PTETExam #RajasthanEducation #ExamUpdate #StudentNews #NariShakti #WomenEmpowerment #BetiBachaoBetiPadhao #PMMatruVandanaYojana #WomenWelfare
