Bhilwara: त्रिवेणी संगम से वंदे गंगा अभियान का आगाज
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने जल संरक्षण की दिलाई शपथ, पौधारोपण भी किया
भीलवाड़ा, 25 मई 2026
1.वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026
त्रिवेणी संगम पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन के साथ उपमुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री ने किया जिला स्तरीय अभियान का आगाज
कार्यक्रम में मौजूद आमजन ने ली जल संचय एवं जल संरक्षण की शपथ, किया पौधारोपण
राज्य के उपमुख्यमंत्री व जिला प्रभारी मंत्री प्रेमचंद बैरवा के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को भीलवाड़ा जिले के त्रिवेणी संगम पर जिला स्तरीय वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 का शुभारंभ हुआ। माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आह्वान पर 25 मई से 5 जून तक संपूर्ण प्रदेश में यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण एवं जल संग्रहण को जनजागरण के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है। अभियान के तहत राज्य सरकार के विभिन्न विभाग मानसून पूर्व वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, नवीन जल संरचनाओं के निर्माण, परंपरागत जल स्रोतों के पुनरुद्धार, जल स्रोतों की साफ-सफाई तथा हरियालो राजस्थान वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों से संबंधित गतिविधियां संचालित करेंगे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत, जल पूजन, कलश यात्रा एवं जलाभिषेक के साथ हुई।
इसके पश्चात पौधारोपण एवं पीपल पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बैरवा ने कहा कि राजस्थान केवल वीरों की भूमि ही नहीं बल्कि प्रकृति संरक्षण की संस्कृति को संजोने वाली धरती है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने सदियों से जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए बावड़ियां, तालाब एवं कुएं बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल केवल पदार्थ नहीं बल्कि जीवन, संस्कृति और प्रकृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया जल संकट की चुनौती का सामना कर रही है तथा जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक समाज के सभी वर्ग इस अभियान से नहीं जुड़ेंगे तब तक अभियान के उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल नहीं हो सकेंगे। मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने क्षेत्र की परंपरागत जल संरचनाओं एवं बांधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र जल संपदा से समृद्ध रहा है तथा सरकार द्वारा क्षेत्रीय विकास एवं जल संरक्षण कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मांडल विधायक उदयलाल भडाणा ने गंगा दशमी के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि जल संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है तथा इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करते हैं। विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति प्रकृति एवं जल के प्रति आदर की भावना सिखाती है।
2.कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव व जिला प्रभारी सचिव ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक
गर्मी के मौसम में पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओ की बारीकी से समीक्षा कर सुदृढ़ रखने के दिए निर्देश
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव व जिला प्रभारी सचिव श्रीमती मंजू राजपाल ने मंगलवार को मांडलगढ़ पंचायत समिति सभागार में समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए आमजन हित से जुड़े विभागों विशेषकर पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रभारी सचिव ने पेयजल विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जहां किसी कारणवश नियमित आपूर्ति बाधित हो वहां वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी विद्युत समस्या की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल प्रभाव से उसका समाधान किया जाए। साथ ही पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना सहित विभाग की अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने हीट अलर्ट एवं मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु की गई तैयारियों की जानकारी ली।
इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर मरीजों हेतु आवश्यक दवाइयों एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही पीएचसी एवं सीएचसी स्तर पर भी दवाइयों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है तथा मेडिकल स्टाफ को मुख्यालय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम के दौरान सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर कार्य करें तथा आमजन को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा भी की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहे तथा राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर संचालित विभिन्न अभियानों को प्रभावी रूप से सफल बनाया जाए। इस दौरान जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर श्रीमती प्रतिभा देवतिया,उपखंड अधिकारी भीलवाड़ा श्री अरुण जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
3. निधि आपके निकट 2.0 शिविर का आयोजन 28 मई को
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की और से निधि आपके निकट 2.0 शिविर का आयोजन 28 मई को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा । क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत प्रदत्त लाभों एवं कर्मचारी भविष्य निधि योजना, कर्मचारी पेंशन योजना व कर्मचारी निक्षेप बीमा के लाभों के बारे में भी जानकारी दी जायेगी एवं अंशदाताओं की समस्याओं का समाधान किया जायेगा।
4 प्रमुख शासन सचिव ने कोटड़ी क्षेत्र में कृषि एवं उद्यानिकीयोजनाओं का किया निरीक्षण, नवाचार आधारित खेती को बताया कृषक समृद्धि का आधार
राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कृषकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल ने आज कोटड़ी तहसील के गोविंदपुरा ग्राम का दौरा कर विभिन्न कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रगतिशील कृषकों द्वारा अपनाई जा रही उन्नत कृषि तकनीकों, संरक्षित खेती, सूक्ष्म सिंचाई एवं सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने किसान चांता देवी, धनराज माली एवं भंवर माली के खेतों का भ्रमण किया।
यहां कृषकों द्वारा उद्यान विभाग की योजनाओं के अंतर्गत ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग तकनीक एवं संरक्षित खेती को अपनाते हुए मिर्ची, भिंडी, फूलगोभी तथा कुकरबिट वर्गीय फसलों की वैज्ञानिक खेती की जा रही है। कृषकों ने बताया कि सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली एवं मल्चिंग तकनीक से जल संरक्षण के साथ उत्पादन लागत में कमी आई है तथा गुणवत्तायुक्त उत्पादन प्राप्त हो रहा है, जिससे वे प्रतिवर्ष प्रति बीघा लगभग एक लाख से डेढ़ लाख रुपए तक की आय अर्जित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप), सूक्ष्म सिंचाई योजना तथा संरक्षित खेती योजनाओं के माध्यम से उन्हें आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं अनुदान उपलब्ध कराया गया है। सिंचाई हेतु विद्युत कनेक्शन के स्थान पर सोलर पंप संयंत्र का उपयोग किया जा रहा है, जिस पर विभाग द्वारा 75 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया गया है। इससे सिंचाई लागत में उल्लेखनीय कमी आई है तथा ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।
प्रमुख शासन सचिव ने कृषकों द्वारा स्थापित पोलीहाउस इकाई का भी निरीक्षण किया, जहां संरक्षित खेती के अंतर्गत खीरे का उत्पादन किया जा रहा है। कृषकों ने बताया कि पोलीहाउस तकनीक से वे प्रति सीजन लगभग 10 लाख रुपए का उत्पादन प्राप्त करते हैं, जिसमें लगभग 4 लाख रुपए की लागत आने के बाद 6 लाख रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित होता है।
5. जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले अभियान संपन्न
7 ब्लॉक के 141 राजस्व ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित
केंद्रीय जनजाति कार्य मंत्रालय की ओर से जिले में 25 मई 2026 तक ‘‘जनजाति गरिमा उत्सव‘‘ के अंतर्गत चयनित 7 ब्लॉक के 141 राजस्व ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित किए गए।
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के अनुसार इन शिविरों में जनजातीय समुदाय के उत्थान और सरकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना मुख्य उद्देश्य रहे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी ने बताया कि धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चिन्हित गांवों में ‘‘जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले‘‘ थीम पर आयोजित सैचुरेशन कैंप में पात्र लोगों को स्वास्थ्य शिविर आयोजन, जनसुनवाई, जनजागरण, जनसंवाद व जनसहभागिता और सेवाओं का संतृप्तिकरण सहित विविध गतिविधियों के माध्यम से लाभ पहुंचाया गया।
जिले में आयोजित 320 शिविरों में कुल 88775 लोगों की प्रतिभागिता रही जिनमें से 240 आधार कार्ड, 478 आयुष्मान कार्ड वितरण, 30 टीबी मरीज चिन्ह्ीकरण, 278 जाति प्रमाणपत्र, 138 किसान क्रेडिट कार्ड, 269 सामाजिक सहायता पेंशन जारी, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना में 146 चयनित, पीएम जन धन योजना में 93, पीएम जीवन ज्योति योजना में 98, पीएम किसान सम्मान निधि में 148, पीएम मातृ वंदन योजना में 93, पीएम सुरक्षा बीमा योजना में 179, उज्ज्वला योजना में 148 कनैक्शन, विश्वकर्मा योजना में 58, नए राशन कार्ड 406, स्किल सेल जांच में 48, पोषण अभियान में 272, सुरक्षा समृद्धि योजना में 48, स्टैंड अप इंडिया स्कीम में 72, वन धन योजना में 88, पीवीजीटी कार्ड वितरण 1223 कर लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
