भींडर में कांग्रेस के 10 सदस्य होने के बावजूद भाजपा का प्रधान, क्रॉस वोटिंग से पलटा चुनावी गणित

कुबेर सेना के 5 सदस्यों और कांग्रेस के एक सदस्य का भाजपा को समर्थन, राजकुमारी जैन बनीं प्रधान; दिनभर हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप

 | 
Bhinder Zila Pramukh Elections 2027

 

 

Udaipur Times, Panchayatiraj Elections Udiapur, उदयपुर 27 नवंबर 2026 । भींडर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस के स्पष्ट बहुमत के बावजूद भाजपा ने जीत दर्ज कर प्रधान पद पर कब्जा कर लिया। चुनाव में क्रॉस वोटिंग के चलते राजनीतिक समीकरण बदल गए।

भाजपा को कुबेर सेना के 5 सदस्यों और कांग्रेस के एक सदस्य का समर्थन मिला, जिसके बाद भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी जैन प्रधान निर्वाचित हुईं।

भींडर पंचायत समिति में कुल 19 सदस्य हैं। चुनाव के बाद कांग्रेस के पास 10, कुबेर सेना के 5 और भाजपा के 4 सदस्य थे।

कांग्रेस के स्पष्ट बहुमत के बावजूद भाजपा नेताओं की पिछले एक महीने से चल रही राजनीतिक जोड़तोड़ आखिरकार सफल रही। कुबेर सेना के पांचों सदस्यों ने भाजपा का समर्थन किया। इसके साथ ही कांग्रेस के एक सदस्य की क्रॉस वोटिंग से भाजपा को कुल 10 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 9 वोट मिले।

दिव्या कुंवर के गायब होने पर कांग्रेस ने लगाए आरोप

चुनाव से पहले कांग्रेस पंचायत समिति सदस्य दिव्या कुंवर के दो दिनों से गायब होने को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की पंचायत समिति सदस्य को अपने कब्जे में रखा है।

प्रीति शक्तावत ने आरोप लगाया कि दिव्या कुंवर और उनके पति रणजीत सिंह लापता हैं। उन्होंने निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी और वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी पर भी संदेह जताया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच माहौल गरमा गया।

शक्तावत ने कहा कि यदि उनकी प्रत्याशी पुलिस की गाड़ी में आती हैं तो वे उसे छोड़ेंगे नहीं।

बाद में दिव्या कुंवर स्थानीय विधायक उदयलाल डांगी के साथ काफिले में पहुंचीं। मतदान के बाद भाजपा की राजकुमारी जैन को 10 वोट मिले और वह प्रधान निर्वाचित हुईं। चुनाव के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।

जिले की अन्य पंचायत समितियों में भी भाजपा का दबदबा

जिले की अन्य पंचायत समितियों में भी भाजपा ने कई जगह प्रधान पद पर जीत दर्ज की। मावली, बड़गांव, खेरवाड़ा, सुलाव और कोटड़ा में भाजपा के प्रधान बने। सायरा और ओगाणा में कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि झाड़ोल में निर्दलीय प्रत्याशी प्रधान बने।
सुलाव पंचायत समिति में भाजपा के रणमल ने 13 वोट हासिल कर कांग्रेस के गौतम प्रकाश बुम्बरिया को हराया। कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 2 वोट मिले।

वल्लभनगर में पूनम मेनारिया निर्विरोध प्रधान

वल्लभनगर पंचायत समिति में भाजपा की पूनम मेनारिया निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं। भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाया था, जबकि कांग्रेस के पास केवल एक सदस्य होने के कारण प्रस्तावक नहीं मिल पाया। कांग्रेस की ओर से नामांकन दाखिल नहीं होने के चलते पूनम मेनारिया निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुईं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News