उदयपुर सहित प्रदेश के 41 जिलों में कल एक साथ दौड़ेंगी साइकिलें, ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’

 | 
Fit India Sundays on Cycle

 

Udaipur Times, Fit India Sundays on Cycle: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat), राजस्थान एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के संयुक्त प्रयासों से रविवार, 29 नवंबर को ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा।

इस राष्ट्रव्यापी अभियान को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 11वें सप्ताह के साथ एकीकृत किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

इस संबंध में शनिवार को यूथ हॉस्टल, जयपुर में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में मेरा युवा भारत, राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की सहायक निदेशक साहिला सैमसन ने प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

प्रदेश के 41 जिलों में आयोजित होंगी साइकिल रैलियां

प्रेस वार्ता में बताया गया कि देशभर के 700 चिन्हित स्थानों पर आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत राजस्थान के 41 जिलों में MY Bharat के जिला युवा अधिकारियों एवं युवा मंडलों के नेतृत्व में साइकिल रैलियां आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा चिन्हित प्रमुख केंद्रों पर भी विशेष आयोजन होंगे, जिनमें MY Bharat के स्वयंसेवक सक्रिय सहयोग करेंगे। प्रत्येक आयोजन स्थल पर न्यूनतम 200 युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसमें MY Bharat स्वयंसेवक, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYVs), युवा क्लब, खेलो इंडिया केंद्र (KICs) एवं शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी शामिल होंगे।

नशामुक्ति शपथ एवं सिग्नेचर वॉल के माध्यम से दिया जाएगा जागरूकता का संदेश

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की थीम के तहत प्रदेश के 37 जिलों के आयोजन स्थलों पर प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक आयोजन स्थल पर विशेष ‘सिग्नेचर वॉल’ स्थापित की जाएगी, जहां युवा, खिलाड़ी एवं जनप्रतिनिधि नशामुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपने हस्ताक्षर कर संकल्प लेंगे।

ऑनलाइन पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण की सुविधा

प्रेस वार्ता में बताया गया कि इच्छुक युवा एवं नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://fitindia.gov.in/100-sundayoncycle तथा MY Bharat पोर्टल के माइक्रो-इवेंट्स के माध्यम से अपना निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए #IndiaReady4Olympics और #NashaMuktYuva हैशटैग के साथ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

मेरा युवा भारत एवं भारतीय खेल प्राधिकरण ने राजस्थान के सभी युवाओं, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार, 29 नवंबर को सुबह अपने नजदीकी आयोजन स्थल पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक 100वें संस्करण का हिस्सा बनें तथा स्वस्थ, फिट एवं नशामुक्त राजस्थान के निर्माण में अपना योगदान दें।

इस दौरान उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क  हेमंत सिंह एवं माय भारत के सहायक निदेशक शरद त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News