नाथद्वारा के भाजपा पार्षद प्रदीप काबरा हुए लापता, बेटे ने SP से लगाई गुहार
पार्षद के बेटे जितेंद्र का दावा-पिता का हुआ अपहरण, साथ मौजूद दो लोगों से भी संपर्क नहीं
Udaipur Times, Rajsamand, Nathdwara News: राजसमन्द जिले के नाथद्वारा के भाजपा से नामांकन फॉर्म भरने के लिए आज सुबह जोधपुर से नाथद्वारा रवाना हुए भाजपा पार्षद प्रदीप काबरा के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है।
परिजनों के अनुसार, प्रदीप काबरा ने सुबह करीब 6 बजे बेटे जितेंद्र काबरा को फोन कर फॉर्म तैयार रखने को कहा था। इसके बाद सुबह 9:28 बजे उनसे अंतिम बार बातचीत हुई। उस दौरान उन्होंने करीब 11:15 बजे तक नाथद्वारा पहुंचने की बात कही थी। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया और देसूरी के आसपास से उनका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है।
बताया गया है कि प्रदीप काबरा के साथ संदीप श्रीमाली और वार्ड नंबर 1 के प्रस्तावक चंद्रप्रकाश जोशी भी मौजूद थे। परिजनों के अनुसार, तीनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
जितेंद्र काबरा ने जताई अपहरण की आशंका
प्रदीप काबरा के बेटे जितेंद्र काबरा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने प्रशासन से अपने पिता और उनके साथ मौजूद दोनों व्यक्तियों को जल्द से जल्द तलाश कर सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
हालांकि, अपहरण की पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।