राजसमंद में 24 घंटे बाद भी खेत में पड़ा मासूम का शव, प्रशासन की सुस्ती पर भड़के ग्रामीण

 | 
Rajsamand Incident

Udaipur Times, Rajsamand News: 9 जून 2026। राजसमंद के भीम थाना क्षेत्र के आमनेर गांव में करंट लगने से 11 वर्षीय दिव्यांशी कुमारी की मौत के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद शव घटनास्थल पर पड़ा रहने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजन और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े हुए हैं, जबकि प्रशासन अब तक कोई ऐसा समाधान नहीं निकाल पाया है जिससे गतिरोध समाप्त हो सके।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से नंगे तारों के जरिए अवैध बिजली कनेक्शन लेकर मोटर चलाई जा रही थी। कई बार चेतावनी देने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी रही। बुधवार दोपहर हुए हादसे में इसी करंट की चपेट में आने से बालिका की मौत हो गई।

घटना के बाद से परिजन शव को मौके से उठाने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इस बीच परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात खेत पर शव के पास बिताई, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों को तत्काल मौके पर पहुंचकर ठोस निर्णय लेना चाहिए था, लेकिन एक दिन से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वहीं ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि हादसे के बाद कुछ साक्ष्य हटाने का प्रयास किया गया। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

गांव में फैले आक्रोश के बीच लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। 24 घंटे बाद भी शव का घटनास्थल पर पड़ा रहना प्रशासनिक समन्वय और संवेदनशीलता पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News