सिटी पैलेस उदयपुर मे BRICS मेहमानों का मेवाड़ी परम्परा से स्वागत

 | 
BRICS Guest Visit City Palace Udaipur

 

Udaipur Times, BRICS Meeting Udaipur: भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग द्वारा BRICS देशों के प्रतिस्पर्धा प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारियों का सम्मेलन उदयपुर के ऐतिहासिक ताज फतेह प्रकाश पैलेस में आयोजित हुआ। सम्मेलन में BRICS देशों के प्रतिस्पर्धा प्राधिकरणों के लगभग 15 प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

उदयपुर पहुंचे विदेशी प्रतिनिधियों एवं उनके साथ आए वरिष्ठ अधिकारियों के दल ने उदयपुर की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत का भी अवलोकन किया। इस दौरान महाराणा मेवाड़ चौरिटेबल फाउण्डेशन, उदयपुर द्वारा संचालित सिटी पैलेस संग्रहालय में प्रतिनिधिमंडल का मेवाड़ी परम्परा एवं राजस्थानी आतिथ्य सत्कार के अनुरूप आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर फाउण्डेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने सिटी पैलेस संग्रहालय की विभिन्न ऐतिहासिक गैलेरियों, कलात्मक धरोहरों एवं राजसी विरासत से जुड़े स्थलों का अवलोकन किया। सदियों पुरानी मेवाड़ की विरासत, स्थापत्य कला और संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों को देखकर प्रतिनिधि विशेष रूप से अभिभूत नजर आए। फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के निर्देशन में हुए संग्रहालय संरक्षण, प्रबंधन एवं प्रस्तुतीकरण की भी सराहना की।

सिटी पैलेस संग्रहालय के भ्रमण के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने पिछोला झील में नौका विहार का आनंद लिया और झील के मध्य स्थित ऐतिहासिक जगमंदिर का भ्रमण किया। इस दौरान विदेशी मेहमानों ने झील, अरावली की पहाड़ियों एवं उदयपुर की विशिष्ट प्राकृतिक छटा का आनंद लिया।

BRICS देशों से आए वरिष्ठ अधिकारियों के इस भ्रमण ने उन्हें उदयपुर की गौरवशाली मेवाड़ी विरासत, स्थापत्य कला, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय आतिथ्य परम्परा से रूबरू होने का अवसर प्रदान किया। प्रतिनिधियों ने उदयपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक समृद्धि की सराहना करते हुए यहां के आतिथ्य अनुभव को यादगार बताया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News