उदयपुर मे ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक 1 नवंबर से

 | 
Brics Sustainable Lifestyle Week

 

Udaipur Times, Brics Sustainable Lifestyle Week 2026: राजस्थान सरकार के पर्यावरण विभाग द्वारा जिले में 1 से 7 नवंबर 2026 तक ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक (, Brics Sustainable Lifestyle Week 2026) का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन में पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला पर्यावरण समिति अध्यक्ष गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में सभी संबंधित विभाग तैयारियों में जुटे हैं।

वॉकथॉन और साइक्लोथॉन से होगा आगाज

उप वन संरक्षक (उदयपुर उत्तर) एवं जिला पर्यावरण समिति के सदस्य सचिव तथा आयोजन के नोडल अधिकारी डी.के. तिवारी ने बताया कि इस विशेष सप्ताह का भव्य शुभारंभ 1 नवंबर र 2026 को सुबह 7 बजे फतहसागर की पाल स्थित देवाली गेट से होगा। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को मिशन लाइफ की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही पर्यावरण के प्रति अलख जगाने के लिए वॉकथॉन, साइक्लोथॉन और शहर की हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सातों दिन की अलग-अलग थीम और गतिविधियां

इस आयोजन के अंतर्गत प्रत्येक दिन को एक विशेष थीम को समर्पित किया गया है, जिसके तहत जिले भर में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इसमें 1 नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, 2 नवंबर को ऊर्जा बचाने एवं 3 नवंबर को जल संरक्षण की थीम रहेगी।

इसी प्रकार 4 नवंबर को टिकाऊ एवं संतुलित खाद्य प्रणाली अपनाने, 5 नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक को ना कहें, 6 नवंबर को ई-वेस्ट कम करना तथा 7 नवंबर को कचरा कम करने की थीम पर आयोजन होंगे।

मेरी लाइफ पोर्टल पर होगी ऑनलाइन रिपोर्टिंग

कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सभी विभागों द्वारा नोडल अधिकारी बनाए जा रहे हैं। आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों की रिपोर्ट, जीपीएस टैग्ड फोटो और वीडियो के साथ भारत सरकार के मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। इसके साथ ही दैनिक प्रगति रिपोर्ट जिला पर्यावरण समिति को भी सौंपी जाएगी।

आमजन से भागीदारी की अपील

जिला प्रशासन तथा वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण को सुरक्षित बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी या समन्वय के लिए सहायक वन संरक्षक राजेन्द्र सिंह से मोबाइल नंबर 7291003215 पर संपर्क किया जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News