उदयपुर मे फतहसागर से ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक का आगाज

 | 
Brics Sustainable Lifestyle Week

 

 

Udaipur Times, Brics Sustainable Lifestyle Week:  पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर बल देने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार ब्रिक्स सतत् जीवनशैली सप्ताह (Brics Sustainable Lifestyle Week) का आगाज रविवार को हुआ।

जिला प्रशासन तथा जिला पर्यावरण समिति के तत्वावधान में रविवार सुबह फतहसागर की पाल पर देवाली गेट से समीप से “स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं ” थीम के साथ वॉकाथॉन और साइक्लोथॉन का आयोजन हुआ। इसके माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों आदि ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का प्रारंभ मिशन लाइफ की शपथ के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

जिला पर्यावरण समिति सदस्य सचिव तथा उप वन संरक्षक उत्तर देवेंद्र कुमार तिवारी ने हरी झण्डी दिखाकर वॉकाथॉन एवं साइक्लोथॉन का शुभारंभ किया। रैली मोती मंगरी गेट तक पहुंच कर संपन्न हुई। इन गतिविधियों के माध्यम से नियमित शारीरिक व्यायाम, पैदल चलने, साइकिल चलाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति आमजन एवं युवाओं को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मिशन लाइफ के उद्देश्यों, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली, शारीरिक स्वास्थ्य एवं प्रकृति संरक्षण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर नीमच माता वनखंड में पौधारोपण भी किया गया। इसमें अमलतास, कचनार एवं स्पैथोडिया सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल, सहायक वन संरक्षक राजेंद्र सिंह, मनीष मीणा, क्षेत्रीय वन अधिकारी यशपाल सिंह सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह 7 नवंबर तक आयोजित होगा। सप्ताह के दौरान सातों दिन अलग-अलग थीम आधारित गतिविधियां आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और दैनिक जीवन में सतत जीवनशैली अपनाने के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News