Udaipur News: ऑनलाइन सट्टे के जाल में फंसे बीटेक छात्र ने ने उठाया खौफनाक कदम
उदयपुर में पढ़ाई कर रहे छात्र पर सटोरियों और सूदखोरों द्वारा मानसिक दबाव बनाने का आरोप, टॉयलेट क्लीनर पीने के बाद अस्पताल में भर्ती
उदयपुर 27 मई 2026 - ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे के जाल में फंसे एक बीटेक छात्र ने मानसिक तनाव के चलते टॉयलेट क्लीनर पीकर जीवन लीला को समाप्त करने का प्रयास कर लिया। छात्र के पिता ने आरोप लगाया है कि सूदखोरों और सटोरियों ने उनके बेटे को ऑनलाइन गेमिंग की लत लगाकर भारी ब्याज पर रुपए उधार दिए और बाद में उसका लैपटॉप व बाइक भी छीन ली।
हिरणमगरी थाना पुलिस के अनुसार चंदेरिया निवासी प्रसन्नता विश्वास ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र प्रियांशु विश्वास उदयपुर स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है और कॉलेज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि करीब दो वर्ष पहले उदयपुर में सक्रिय एक गिरोह ने प्रियांशु को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे के नेटवर्क में फंसा दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसे अत्यधिक ब्याज पर रुपए उधार दिए और लगातार ऑनलाइन गेमिंग के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि एक वर्ष पहले भी बदमाश हॉस्टल से उसका महंगा ब्रांडेड लैपटॉप लेकर चले गए थे। परिजनों के अनुसार हाल ही में आरोपियों ने फिर से छात्र से संपर्क कर मानसिक दबाव और प्रलोभन देकर उसे दोबारा ऑनलाइन गेमिंग में धकेल दिया।
इस दौरान नया लैपटॉप और बाइक भी अपने कब्जे में ले गए। लगातार मानसिक तनाव में रहने के कारण छात्र उदयपुर से चंदेरिया अपने घर पहुंचा और बाद में घर में रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। छात्र की तबीयत बिगड़ने पर उसे श्री सांवलियाजी चिकित्सालय, चित्तौड़गढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों का कहना है कि छात्र अभी मानसिक तनाव में है और आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि एक वर्ष पूर्व हुई घटना की शिकायत प्रतापनगर थाने में दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए।
फिलहाल हिरणमगरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
#Udaipur #Chittorgarh #RajasthanNews #UdaipurNews #OnlineGaming #OnlineBetting #StudentMentalHealth #CrimeNews #EngineeringStudent #RajasthanPolice #MentalHealthAwareness #YouthSafety #LocalNews #UdaipurUpdates #ChittorgarhNews
