geetanjali-udaipurtimes

केबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी करेंगे उदयपुर में ध्वजारोहण

जोश और उत्साह के साथ शुक्रवार को मनाया जाएगा 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
 | 

उदयपुर 14 अगस्त 2025 । देश का 79वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को जोश व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जिले भर में ध्वजारोहण एवं रंगारंग कार्यक्रम होंगे। संभाग मुख्यालय पर मुख्य समारोह गांधी ग्राउण्ड में होगा। इसमें जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। जिला कलक्टर नमित मेहता ने गुरूवार दोपहर गांधी ग्राउण्ड पहुंच कर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि गांधी ग्राउण्ड में मुख्य समारोह ठीक 9 बजे प्रारंभ होगा। केबिनेट मंत्री खराड़ी ध्वजारोहण करेंगे। इसके पश्चात पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट आदि की टुकड़ियां मार्च पास्ट करेंगी। स्कूली बच्चों की ओर से व्यायाम प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। माननीय राज्यपाल के संदेश का वाचन होगा तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कार्मिकों तथा उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए चयनित लोगों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कलक्टर ने किया निरीक्षण

जिला कलेक्टर नमित मेहता ने गुरुवार को गांधी ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए मंच, बैठक व्यवस्था, ध्वजारोहण स्थल, परेड लाइनअप और ग्राउंड की समग्र तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह ऐसा हो जिसमें हर नागरिक को गर्व और देशप्रेम की अनुभूति हो।  निरीक्षण के दौरान एडीएम दीपेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, एडिशनल एसपी उमेश ओझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और ऐतिहासिक बने।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal