सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान, कपड़े के थैले और कम्पोस्टेबल कैरी बैग बांटे जाएंगे

 | 
Single Use Plastic Ban

 

Udaipur Times, Udaipur News: ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक (मिशन लाइफ) के तहत गुरुवार को ‘सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें’ थीम पर राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आरएसपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी विनय कट्टा ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से शहर की सवीना सब्जी मंडी, सेलिब्रेशन मॉल, अर्बन स्क्वायर मॉल सहित सरकारी कार्यालयों में आमजन को कपड़े के थैले वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा अधिकृत कम्पोस्टेबल बैग निर्माता मैसर्स ईजी फ्लेक्स पॉलिमर्स के सहयोग से फल एवं सब्जी विक्रेताओं को कम्पोस्टेबल कैरी बैग के पैकेट भी दिए जाएंगे।

इस दौरान विक्रेताओं और आमजन को प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग बंद कर कम्पोस्टेबल एवं कपड़े के थैलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अभियान के तहत गुरुवार प्रातः 11 बजे से यूसीसीआई भवन में ‘सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें’ विषय पर राज्य स्तरीय ऑनलाइन कार्यशाला भी आयोजित होगी। इसमें विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जबकि स्थानीय निकायों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे।

क्षेत्रीय अधिकारी कट्टा ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के कैरी बैग नालियों को जाम करने के साथ मिट्टी और पानी को प्रदूषित करते हैं तथा पशुओं के लिए भी नुकसानदायक हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक के स्थान पर रोजमर्रा की जिंदगी में कई आसान और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाए जा सकते हैं। पानी के लिए प्लास्टिक बोतल की जगह स्टील, कांच या मिट्टी की बोतल, चाय-कॉफी के लिए डिस्पोजेबल कप की जगह कुल्हड़ या स्टील कप तथा खाने के लिए प्लास्टिक के बर्तनों की जगह स्टील के टिफिन और बर्तनों का उपयोग करने की अपील की। खरीदारी के दौरान कपड़े या जूट के थैले तथा कम्पोस्टेबल कैरी बैग का इस्तेमाल करें और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News