एक अक्टूबर से चिकित्सालयों का समय परिवर्तन
1. शहरी सेवा शिविर में वार्डवासियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण
चित्तौड़गढ़, 29 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी सेवा शिविरों की श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में वार्ड संख्या 9, 10, 11, 32 एवं 33 के लिए शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में वार्डवासियों ने अपने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याएँ प्रस्तुत कीं। इनमें सफाई से जुड़ी 11 शिकायतें और स्ट्रीट लाइट संबंधी 17 शिकायतें शामिल थीं, जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
साथ ही, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, प्रमाण पत्र, 69-ए के पट्टे सहित अन्य प्रकरणों पर भी ऑनलाइन माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
विभागीय गतिविधियाँ चिकित्सा एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य स्टॉल पर 32 वार्डवासियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
ऊर्जा विभाग की स्टॉल पर प्राप्त कुल 32 शिकायतों का भी तत्काल निस्तारण किया गया। पट्टा नवीनीकरण प्रकरण का त्वरित समाधान शिविर के दौरान आवेदक सुधाकर महेश्वर एवं शंकर सिंह ने अपने भूखण्डों के पट्टा नवीनीकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
नगर परिषद प्रशासन ने दोनों प्रकरणों का मात्र एक घंटे में निस्तारण कर आवेदकों को राहत प्रदान की।
2. आईआईएमआर द्वारा मक्का की टिकाऊ खेती हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
चित्तौड़गढ़, 29 सितम्बर। भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान (आईआईएमआर), लुधियाना द्वारा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय से वित्त पोषित “एथेनॉल उद्योगों के जलग्रहण क्षेत्रों में मक्का उत्पादन वृद्धि परियोजना” के अंतर्गत 28-29 सितम्बर 2025 को किसानों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यह कार्यक्रम चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी ब्लॉक के मान्याश गांव में आयोजित हुए, जिनमें 50 से अधिक किसानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान 32 एकड़ क्षेत्र में प्रदर्शनी इकाइयाँ स्थापित की गईं।
किसानों को मक्का की उन्नत, टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल खेती पद्धतियों से परिचित कराना तथा मक्का को एथेनॉल उत्पादन हेतु उपयुक्त विकल्प के रूप में प्रस्तुत करना। संस्थान के निदेशक डॉ. एच.एस. जाट ने बताया कि “मक्का अब केवल खाद्य फसल नहीं रही, बल्कि एक औद्योगिक फसल के रूप में उभर रही है।
भारत में इस वर्ष लगभग 50 मिलियन टन मक्का उत्पादन का अनुमान है।
आने वाले वर्षों में उत्पादन और बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि तथा देश की खाद्य एवं जैव ईंधन नीति को सशक्त किया जा सकता है।” प्रशिक्षण में किसानों को बीज उपचार एवं उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, मक्का में कीट व रोगों की पहचान एवं समन्वित प्रबंधन, एवं फसल की उत्पादकता एवं गुणवत्ता बढ़ाने की विधियाँ के संबंध मे विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही आगामी रबी मौसम में मक्का की खेती करने हेतु किसानों को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में आईआईएमआर से डॉ. रामनिवास (रिसर्च एसोसिएट) एवं शंकर चौधरी (यंग प्रोफेशनल) उपस्थित रहे।
परियोजना प्रभारी डॉ. शंकर लाल जाट ने बताया कि “इस बार अच्छी वर्षा होने से चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में मक्का उत्पादन बढ़ने की संभावना है। निकट भविष्य में अन्य चयनित गांवों में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।” सहायक कृषि अधिकारी अभिषेक चौधरी ने किसानों के साथ उर्वरक प्रबंधन पर सार्थक चर्चा की।
3. एक अक्टूबर से चिकित्सालयों का समय परिवर्तन
चित्तौड़गढ़, 29 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशों की अनुपालना में शीतकालीन समय लागू होने के कारण जिले के समस्त राजकीय चिकित्सालयों का समय एक अक्टूबर 2025 से परिवर्तित किया जा रहा है।
प्रमुख चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश वैष्णव ने बताया कि आगामी आदेशों तक ओपीडी (आउटडोर) का समय प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक एक ही पारी में संचालित रहेगा।
वहीं, राजकीय अवकाश दिवसों में ओपीडी प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक केवल दो घंटे खुली रहेगी। इसके अतिरिक्त इनडोर सेवाएं प्रातः 8: बजे से पूर्ववत रूप से प्रारंभ होंगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरा मेडिकल स्टाफ एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देश प्रदान कर दिए गए हैं।
4. जीएसटी 'बचत उत्सव' (22-29 सितंबर 2025) जीएसटी दरों में कमी का लाभ जन-जन तक पहुँचाने हेतु ज़िला स्तरीय महाअभियान
चित्तौड़गढ़, 29 सितम्बर। भारत सरकार द्वारा 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों के तहत वस्तु एवं सेवा कर (GST) की दरों में व्यापक कटौती की गई है।
अधिकांश वस्तुओं को 12% व 28% स्लैब से हटाकर 5% और 18% के दायरे में लाए जाने से उपभोक्ताओं और व्यापार जगत दोनों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इसी क्रम में ज़िला प्रशासन चित्तौड़गढ़ द्वारा 22 से 29 सितम्बर तक “जीएसटी बचत उत्सव” का आयोजन किया गया। यह अभियान ज़िला कलक्टर आलोक रंजन के मार्गदर्शन में नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त, एसजीएसटी नीरज शर्मा तथा सहायक नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त, एसजीएसटी, निम्बाहेड़ा जे. पी. भारद्वाज के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित हुआ। इस दौरान प्रमुख गतिविधियाँ और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
22 सितम्बर को चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CAs) और कर सलाहकारों के साथ संवाद, ताकि नई दरों के प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति बनाई जा सके।
23 सितम्बर को विधायक श्रीचंद्र कृपलानी की उपस्थिति में निम्बाहेड़ा में रैली और संवाद कार्यक्रम, जहाँ व्यापारियों की शंकाओं का समाधान किया गया।
24 सितम्बर को डीआरडीए सभागार में ज़िला प्रभारी मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, विधायक चंद्रभान सिंह आकंया एवं ज़िला कलक्टर की उपस्थिति में विशाल सेमिनार आयोजित हुआ। इस अवसर पर व्यापार मंडल व सीए एसोसिएशन से संवाद तथा ‘जीएसटी बचत उत्सव’ का आधिकारिक पोस्टर विमोचित किया गया।
25 सितम्बर को इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित रोज़गार उत्सव में युवाओं व प्रतिभागियों को जीएसटी दरों में कमी से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
26 से 29 सितम्बर तक जन-जन तक संदेश पहुँचाने के लिए विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया। जीएसटी टीमों ने प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से संपर्क किया तथा कलक्ट्रेट, नगर परिषद, बस स्टैंड, कृषि मंडी और शिक्षण संस्थानों पर पोस्टर व प्रचार सामग्री के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। अभियान के क्रियान्वयन में विभाग के अधिकारियों लतीफ़ खान, संतोष कुमार शर्मा, सौरभ कुमार शर्मा, सचिन शर्मा और राजेश मीणा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ज़िला कलक्टर आलोक रंजन और एडीएम प्रभा गौतम ने समय-समय पर मार्गदर्शन प्रदान कर यह सुनिश्चित किया कि जीएसटी दरों में कमी का लाभ ज़िले के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचे।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
