25वें अंतरराष्ट्रीय कला पर्व पर चेतन औदिच्य को राष्ट्रीय अभ्युदय सम्मान

कला में विशिष्ट रूप से काम कर रहे युवा कलाकार का चयन

 | 
chetan Audichya

उदयपुर 20 दिसंबर 2023। देश की प्रतिनिधि कला संस्था कलावर्त न्यास उज्जैन द्वारा 25वें अंतरराष्ट्रीय कला पर्व अवसर पर उदयपुर के युवा चित्रकार चेतन औदिच्य को ’राष्ट्रीय अभ्युदय सम्मान’ प्रदान करने की घोषणा की गई है। 

न्यासी मंडल के वरिष्ठ कलाकार डॉ चंद्रशेखर काले तथा न्यास के सचिव पवन गरवाल ने सम्मान की घोषणा करते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित सम्मान हेतु देश में चर्चित तथा कला में विशिष्ट रूप से काम कर रहे युवा कलाकार का चयन किया जाता है। उज्जैन में आयोजित हो रहे रजत जयंती कलापर्व के अवसर पर भव्य अलंकरण समारोह में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि चेतन औदिच्य को पूर्व में भी समकालीन कला तथा साहित्य जगत के राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इनके द्वारा उपनिषदों पर बनाई गई चित्र सीरीज ’रसो वै सः’ की प्रदर्शनी अंतरराष्ट्रीय कला जगत में चर्चित रही थी। हाल ही में इन्हें राजस्थान साहित्य अकादमी के प्रतिष्ठित  सुधीन्द्र पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। 23 से 25 दिसंबर को होने वाले पर्व के राष्ट्रीय कला शिविर में इनके द्वारा कंटप्रेअरी शैली की पेंटिंग बनाई जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय पर्व की संयोजक डॉ. परिधि काले ने बताया कि प्रतिष्ठा अलंकरण को न्यास द्वारा भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। रजत पर्व पर डी एच एल इंफा बुल्स इंदौर, कोकुयो कैमलिन मुंबई तथा अवतिका यूनिवर्सिटी उज्जैन के सहयोग से तीन दिवसीय राष्ट्रीय कला शिविर का आयोजन होगा जिसमें देश-विदेश के साठ से भी अधिक कलाकार भाग ले रहे है। इस अवसर पर देवास की ख्यात युवा नृत्यांगना अनुष्का पवार कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगी तथा अमेटी यूनिवर्सिटी जयपुर के वरिष्ठ सितार बादक महंतो मुजुमदार सितार बादन की प्रस्तुति देंगे।

कलावर्त न्यास के रजत जयंती सिंपोजियम के इस अवसर पर देश के विख्यात चित्रकार जतिन दास नई दिल्ली, शोभा बूटा नई दिल्ली, जितेन हजारिका नई दिल्ली तथा अहमदाबाद के वृन्दावन सोलंकी को ’आजीवन उपलब्धि सम्मान’ (लाइफ टाइम अचीवमेंट) सम्मान से नवाजा जाएगा। साथ ही कला लेखन में दिया जाने वाला राष्ट्रीय चित्रवाण सम्मान प्रख्यात कला समीक्षक प्रयाग शुक्ल को प्रदान किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News