मुख्य अग्निशमन अधिकारी चौधरी राष्ट्रीय स्तर पर होंगे सम्मानित
राजस्थान को मिलेगा पहली बार यह सम्मान- अग्निशमन विभाग में खुशी की लहर
उदयपुर 13 अप्रैल 2026- मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी को अपने विभाग में उत्कृष्ट सेवा कार्यों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उदयपुर। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत महानिदेशालय अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड द्वारा ‘फायर सर्विस वीक-2026’ के अवसर पर उन्हें “डीजी-एफएस, सीडी एवं एचजी का ब्रॉन्ज डिस्क एवं प्रशंसा प्रमाण पत्र” प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस श्रेणी में राजस्थान से यह सम्मान पहली बार किसी अधिकारी को मिल रहा है जिससे पूरे प्रदेश में गर्व और उत्साह का माहौल है। बाबूलाल चौधरी का चयन उनके उत्कृष्ट योगदान, आपदा प्रबंधन में प्रभावी भूमिका तथा अग्निशमन सेवाओं में उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर किया गया है।
यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उदयपुर शहर एवं राजस्थान के अग्निशमन विभाग के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। चौधरी ने अपनी राजकीय सेवाओं के दौरान जहां पर भी कार्य किया है वहां पर उन्हें कई बार जिला स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। बाबूलाल चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस, तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया है। शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगी भीषण आग की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण, रेस्क्यू ऑपरेशन में कुशल नेतृत्व तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उन्होंने अग्निशमन सेवाओं को नई दिशा प्रदान की है।
उनकी अगुवाई में टीम ने जनहानि को न्यूनतम रखने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इसी के साथ बाबूलाल चौधरी के नेतृत्व में ही हाल ही ऑल इंडिया अग्निशमन कार्मिक टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था जिसको लेकर भी पूरे देश में उदयपुर अग्निशमन विभाग की प्रशंसा की गई थी। इसके साथ ही चौधरी द्वारा समय-समय पर आयोजित प्रशिक्षण शिविर, मॉक ड्रिल एवं जनजागरूकता अभियान आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित हुए हैं। इन पहलों के माध्यम से लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक और सक्षम बनाया गया है।
विभाग में संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, टीम वर्क को बढ़ावा देने तथा कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए भी उनके प्रयासों को सराहा गया है। इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों एवं शहरवासियों में खुशी की लहर है।
विभाग के कर्मचारियों ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि चौधरी का यह सम्मान सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने भी बाबूलाल चौधरी के साथ साथ इस उपलब्धि का श्रेय पूरी अग्निशमन टीम, वरिष्ठ अधिकारियों को दिया है। आयुक्त ने कहा कि यह सम्मान कार्मिकों के मन में और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
#UdaipurNews #RajasthanPride #FireDepartment #NationalAward #IndiaNews #FireServiceWeek
