Udaipur Times, Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जैसलमेर स्थित तनोट माता मंदिर परिसर में भाई-दूज समारोह में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला जवानों से रक्षा सूत्र बंधवाकर और उनसे संवाद कर भाई-दूज पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाई-दूज का पर्व भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से उन बहनों की भावनाओं को नमन, जिनके भाई परिवार से दूर रहकर सीमाओं की सुरक्षा का दायित्व निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएफ देश की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का सशक्त प्रहरी है। दिन हो या रात, गर्मी हो या सर्दी, बीएसएफ के जवान सदैव सीमाओं पर मुस्तैद रहकर राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं। हमारी बेटियां भी देश की सुरक्षा में अपनी क्षमता, साहस और समर्पण का परिचय दे रही हैं। बीएसएफ की महिला जवानों ने कठिन परिस्थितियों में साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से नई मिसाल कायम की है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना और BSF के जवानों ने पराक्रम का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉर्डर पर आधारभूत संरचना के विकास के लिए आवंटित बजट में 400 प्रतिशत वृद्धि भी की गई है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की ओर से जवानों की सुरक्षा, सम्मान, सुविधा एवं कल्याण में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सीमा क्षेत्रों में पानी की समस्या से निजात पाने के लिए पर्याप्त फण्ड उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के माध्यम से देश के अंतिम गांव को प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत पलायन रोकने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-2 के तहत बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर जिलों के 184 सीमावर्ती गांवों को विकास के लिए चयनित किया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की सुरक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक छोटू सिंह भाटी, सीमा सुरक्षा बल रेेाजस्थान फ्रंटियर के आईजी डॉ. विकास पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में बीएसएफ के जवान उपस्थित रहे।